नशे के खिलाफ जंग, यूपी पुलिस की बाइक रैली लखनऊ से केवड़िया रवाना; 3000 KM की यात्रा से युवाओं को करेगी जागरूक
उत्तर प्रदेश पुलिस ने नशे के खिलाफ जनजागरूकता के लिए लखनऊ से 3000 किलोमीटर की मोटरसाइकिल रैली शुरू की है। यह रैली युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करेगी।
NOI ब्यूरो, लखनऊ। नशे के खिलाफ जनजागरूकता का संदेश लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस की मोटरसाइकिल रैली शनिवार को लखनऊ से तीन हजार किलोमीटर की यात्रा पर रवाना हुई। शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 के उपलक्ष्य में आयोजित रैली को पुलिस मुख्यालय से महानिदेशक राजीव कृष्ण ने हरी झंडी दिखाई। ‘नशे के खिलाफ लड़ाई’ की थीम पर निकली यह रैली युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के साथ नशामुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करेगी।
डीजीपी ने कहा कि प्रदेश में नशे के खिलाफ अभियान केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी अवैध कमाई और उससे बनाई गई संपत्तियों को भी निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सशक्त और अखंड भारत के निर्माण के लिए युवा पीढ़ी का नशामुक्त होना जरूरी है। डीजीपी ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक प्रदेश में मादक पदार्थों से जुड़े 4197 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 36,088 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद कर 6076 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, आपरेशन दहन के तहत 1,72,246 किलोग्राम मादक पदार्थ नष्ट किए गए हैं।
मादक पदार्थों के निस्तारण के मामले में उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर है। उन्होंने बताया कि तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों पर भी कार्रवाई की जा रही है। एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं 68(ई) और 68(एफ) के तहत 96 मामलों में करीब 80.33 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। इसके अलावा पीआइटी एनडीपीएस अधिनियम के तहत 76 मामलों में निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। प्रदेश में अब तक 26 मादक पदार्थ तस्करी के कार्टेल ध्वस्त किए जा चुके हैं, जबकि 19 अंतरराज्यीय कार्टेल के खिलाफ कार्रवाई जारी है।
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने गठन के बाद से अब तक 504 मुकदमे दर्ज कर 45,292 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किए हैं। इस दौरान 1,364 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 554 करोड़ रुपये बताई गई है।
1500 किलोमीटर एक तरफ, दोनों तरफ 3000 किलोमीटर
नशे के खिलाफ जागरूकता के लिए लखनऊ से शुरू हुई मोटरसाइकिल रैली करीब 1500 किलोमीटर की एक तरफ की यात्रा पूरी करेगी। वापसी समेत इसकी कुल यात्रा करीब 3000 किलोमीटर होगी। रैली लखनऊ से इटावा, आगरा, मथुरा, गौतमबुद्धनगर और दिल्ली होते हुए जयपुर, अजमेर, उदयपुर व गांधीनगर पहुंचेगी। 26 अक्टूबर को एकता नगर, केवड़िया पहुंचने के बाद 31 अक्टूबर को स्टैच्यू आफ यूनिटी पर राष्ट्रीय एकता दिवस के मुख्य समारोह में राइडर शामिल होंगे।
Leave a Comment
Login with your mobile number to post a comment. New here? Create your account using OTP verification.
Login to Your Account
OTP verification is required for login and registration.
LIVE अपडेट
राज्य
Stay Connected
Get Newsletter
Subscribe to our newsletter to get latest news, popular news and exclusive updates.






0 Comments
No comments yet. Be the first to share your thoughts!