उत्तराखंड महोत्सव 9 से 22 नवंबर तक लखनऊ में आयोजित होगा, जिसमें उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक कला और खानपान की झलक देखने को मिलेगी।

NOI  संवाददाता, लखनऊ। पं. गोविंद बल्लभ पंत पर्वतीय सांस्कृतिक उपवन में नौ से 22 नवंबर तक 14 दिवसीय उत्तराखंड महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।

महोत्सव में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक कला, खानपान और हस्तशिल्प की झलक देखने को मिलेगी। आयोजक उत्तराखंड महापरिषद के अनुसार महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे, जबकि समापन समारोह में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल होंगे।

महापरिषद की ओर से महोत्सव की तैयारियों को लेकर कुर्मांचल नगर के मोहन सिंह बिष्ट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें बताया गया कि महोत्सव स्थल पर उत्तराखंड के जैविक उत्पादों, पारंपरिक वस्त्रों, हस्तनिर्मित सामान, बाल मिठाई और स्थानीय व्यंजनों के 150 से अधिक स्टाल लगाए जाएंगे।

महोत्सव में ‘नाचेगा भारत’, झोड़ा प्रतियोगिता, ‘वायस आफ उत्तराखंड’ और ‘डांस उत्तराखंड डांस’ जैसी प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इस बार पुरुष झोड़ा प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। इन आयोजनों के माध्यम से लोकनृत्य और पारंपरिक कलाओं को बढ़ावा देने के साथ नए कलाकारों को मंच प्रदान किया जाएगा।

महोत्सव से पहले मोहन सिंह बिष्ट स्मृति टी-10 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन 24 और 25 अक्टूबर को जानकीपुरम स्थित सहारा स्टेट मैदान में होगा। इसमें 12 टीमें प्रतिभाग करेंगी। मुकाबले सुबह सात बजे से शाम 5:30 बजे तक खेले जाएंगे।

बैठक में महापरिषद के अध्यक्ष हरीश चंद्र पंत, संयोजक दीवान सिंह अधिकारी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मंगल सिंह रावत, महासचिव भरत सिंह बिष्ट, सांस्कृतिक सचिव महेंद्र सिंह गैलाकोटी, खेल प्रभारी कैलाश सिंह और मीडिया प्रभारी राजेंद्र सिंह कनवाल समेत कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

0 Comments

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Leave a Comment

Login with your mobile number to post a comment. New here? Create your account using OTP verification.

Get Newsletter

Advertisement