कानपुर में यूपीएसएसएससी पीईटी-2026 परीक्षा 21 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई। अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर और फेस रिकॉग्निशन से जांच की गई, महिला अभ्यर्थियों के गहने भी उतरवाए गए।

NOI संवाददाता, कानपुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को लेकर शुक्रवार को शहर के 21 केंद्रों पर सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा शुरू हुई। पहली पाली में प्रवेश के लिए सुबह से ही केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें लग गईं।

एक-एक अभ्यर्थी की मेटल डिटेक्टर और फेस रिकॉग्निशन मशीन से जांच की गई। इसके बाद बालों से लेकर जूतों तक की तलाशी ली गई। महिला अभ्यर्थियों के गले, नाक और कान में पहने गहने भी उतरवाए गए, इसके बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अभ्यर्थियों को अंदर जाने की अनुमति मिली।

गोविंद नगर स्थित चाचा नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज और माया देवी बालिका इंटर कॉलेज, साकेत नगर के सुभाष स्मारक इंटर कॉलेज, कल्याणपुर के जवाहर लाल नेहरू इंटर कॉलेज और खालसा गर्ल्स इंटर कॉलेज तथा हरजिंदर नगर समेत शहर के अन्य परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही सुरक्षा कर्मी मुस्तैद रहे। केंद्रों के प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की पहचान और तलाशी के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई थी। किसी भी तरह की प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा कक्ष तक न पहुंचे, इसके लिए विशेष सतर्कता बरती गई।

21 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा

शहर में पीईटी के लिए कुल 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। प्रत्येक पाली में करीब 18,876 अभ्यर्थियों के शामिल होने की व्यवस्था है। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक हुई, जबकि दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक आयोजित की जाएगी।

परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई है। अधिकारियों की निगरानी में प्रवेश और जांच की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है।

0 Comments

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Leave a Comment

Login with your mobile number to post a comment. New here? Create your account using OTP verification.

Get Newsletter

Advertisement