मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां के निधन के बाद एक्स पर एक भावुक पाती लिखी है, जिसमें उन्होंने मां की ममता, त्याग और संस्कारों का जिक्र किया। 

NOI  डेस्क, नई दिल्ली/लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी मां के निधन के बाद एक भावुक पाती लिखी है। इस चिट्ठी में उन्होंने लिखा- कुछ ऋण ऐसे होते हैं, जो कभी चुकाए नहीं जा सकते।

उन्होंने अपने संन्यासी जीवन और मां के बीच बातचीक का एक प्रसंग भी शेयर किया है। साथ ही मां की ममता, त्याग और संस्कारों का जिक्र करते हुए प्रदेशवासियों से कहा कि हर कोई ये संकल्प ले कि निराश्रित और वंचित माताओं का संबल बनेगा। 

सीएम योगी ने ट्वीट में लिखा

सनातन संस्कार मातृ वंदना से अभिसिंचित हैं। कुछ ऋण ऐसे होते हैं, जो कभी चुकाए नहीं जा सकते। हां, हम अपना कर्तव्य अवश्य निभा सकते हैं। सार्वजनिक जीवन में आने के बाद प्रदेश की मातृशक्ति के लिए यही कर्तव्य निभाने का प्रयास कर रहा हूं। प्रत्येक मां के प्रति सच्चा सम्मान यही होगा कि आज हर प्रदेशवासी यह संकल्प ले कि वह किसी निराश्रित मां का संबल बनेगा, किसी वंचित मां की पीड़ा को समझेगा और किसी दुखियारी माँ के चेहरे पर मुस्कुराहट लाएगा।

योगी ने पाती में लिखा

यह पाती प्रत्येक मां के नाम है, जिनके बिना जीवन नहीं होता। हम-आप नहीं होते। प्राणी का कोई अस्तित्व नहीं होता। यह दुनिया नहीं होती। मां केवल जननी ही नहीं, जगत-जननी है। ईश्वर की जननी भी मां ही है।

आज फिर हर मां के स्मरण में नयन अश्रुपूरित हैं। प्रभु श्रीराम के वनगमन के समय मां कौशल्या का आशीर्वाद, मां की इच्छा से भगवान श्रीकृष्ण का मथुरा के कारावास से गोकुल जाना, मां के संस्कार से एक प्राणी का बालक ध्रुव, प्रह्लाद या मनुष्य हो जाना। मां वह है, जो हर किसी की जगह ले सकती है, लेकिन एक मां की जगह कोई नहीं ले सकता। मां की ममता दुनिया की सबसे सुंदर भावना है।

मां के न होने का अर्थ केवल किसी व्यक्ति का जीवन में नहीं होना भर नहीं, यह भावनात्मक सुरक्षा, बिना शर्त प्यार और घर की एक गहरी छांव के हट जाने जैसा है। मेरी प्रथम गुरु, मुझे अक्षर ज्ञान देने वाली पूजनीय मां जब अनंत यात्रा पर निकल गईं, तो मेरी आंखों के सामने वह दृश्य बरबस ही कौंध गया, जब मैं संन्यास ग्रहण करने के तीन वर्ष से भी अधिक समय बीत जाने पर भगवा वस्त्र में अपने घर की दहलीज के बाहर खड़ा था। गोरखपुर से पंचूर की इस यात्रा में भावनाओं का ज्वार उमड़-घुमड़ रहा था। 

संन्यास परंपरा के महत्वपूर्ण विधान के अनुसार, मैंने भिक्षा लगाई। आवाज सुनकर मां बाहर आईं, तो उन्हें सहसा विश्वास नहीं हो पा रहा था। मां कुछ बोल पातीं, उससे पहले ही मैंने कहा, "मां, भिक्षा दीजिए।"

मां ने स्वयं को संभालने की कोशिश की और कहा, "बेटा, यह क्या हाल बना रखा है? घर में क्या कमी थी, जो भीख मांग रहे हो?" मैंने उत्तर दिया, "मां, संन्यास मेरा धर्म है। एक योगी की भूख भिक्षा से ही मिटेगी। मां, मैं यहां रहने नहीं, भिक्षा मांगने आया हूं। आप भिक्षा में जो कुछ देंगी, वही मेरे मनोरथ को पूर्ण करेगा।" मां की ममता ने संन्यासी बेटे के संकल्प का सम्मान किया।

सनातन संस्कार मातृ वंदना से अभिसिंचित हैं। कुछ ऋण ऐसे होते हैं, जो कभी चुकाए नहीं जा सकते। हां, हम अपना कर्तव्य अवश्य निभा सकते हैं। सार्वजनिक जीवन में आने के बाद प्रदेश की मातृशक्ति के लिए यही कर्तव्य निभाने का प्रयास कर रहा हूं।

प्रत्येक मां के प्रति सच्चा सम्मान यही होगा कि आज हर प्रदेशवासी यह संकल्प ले कि वह किसी निराश्रित मां का संबल बनेगा, किसी वंचित मां की पीड़ा को समझेगा और किसी दुखियारी मां के चेहरे पर मुस्कुराहट लाएगा।

0 Comments

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Leave a Comment

Login with your mobile number to post a comment. New here? Create your account using OTP verification.

Get Newsletter

Advertisement