Interview: भाजपा के कानपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष ने कहा, संविधान-आरक्षण पर विपक्ष का नैरेटिव नहीं चलेगा, जनता जागरूक
भाजपा कानपुर ग्रामीण इकाई 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी है, बूथों को मजबूत करने और नए मतदाताओं को जोड़ने पर ध्यान दे रही है। जिलाध्यक्ष उपेंद्र पासवान ने विपक्ष के पीडीए, जेनजी और संविधान-आरक्षण संबंधी नैरेटिव को खारिज किया, जीत का भरोसा जताया।
NOI संवाददाता, कानपुर। विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा ग्रामीण संगठन के कार्यकर्ता बूथ को मजबूत करने और नए मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने की रणनीति पर काम कर रहा है। इसके लिए सामान्य मतदाता अभियान के साथ महिला और युवा मतदाता अभियान पर विशेष फोकस किया जा रहा है।
घाटमपुर,बिल्हौर और बिठूर विधानसभा क्षेत्रों में संगठन की सक्रियता बढ़ाने के साथ कार्यकर्ताओं को घर-घर पहुंचने की जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष उपेंद्र पासवान ने कहा कि सपा के पीडीए, जेनजी की नाराजगी और विपक्ष के संविधान-आरक्षण लेकर फेक नैरेटिव का आगामी चुनाव पर कोई असर नहीं रहेगा। प्रस्तुत हैं संवाददाता रितेश द्विवेदी से हुई बातचीत के प्रमुख अंश...
विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा ग्रामीण क्या तैयारियां कर रही है?
भाजपा चुनाव के लिए अलग से तैयारी नहीं करती, बल्कि हमारा संगठन साल के 365 दिन सक्रिय रहता है। कार्यकर्ता बूथ स्तर पर उतरकर मतदाताओं को जोड़ने और संगठन को मजबूत करने का काम कर रहे हैं। 22, 23 और 24 नवंबर को व्यापक स्तर पर मतदाता जोड़ो अभियान चलाया जा रहा है। इसके बाद 28, 29 और 30 नवंबर को महिला मोर्चा के नेतृत्व में महिला मतदाताओं को जोड़ेंगे। एक, दो और तीन दिसंबर को युवा मोर्चा नए युवा मतदाताओं को सूची में शामिल कराने के लिए अभियान चलाएगा।
सपा समेत विपक्षी दल पीडीए को बड़ा राजनीतिक मुद्दा बना रहे हैं। भाजपा इसे किस रूप में देखती है?
विपक्ष जिस पीडीए की बात कर रहा है, उसका वास्तविक स्वरूप भाजपा में देखने को मिलता है। हमारा संगठन हो या सरकार, राष्ट्रीय नेतृत्व से लेकर जिला स्तर तक सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। अनुसूचित जाति, पिछड़े वर्ग और समाज के अन्य वर्गों के लोगों को संगठन और सरकार में जिम्मेदारी मिली है। भाजपा केवल नारा नहीं देती, बल्कि सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का काम करती है। वास्तविक सामाजिक प्रतिनिधित्व भाजपा में है।
जेनजी को लेकर दिल्ली में हुए आंदोलनों और युवाओं की नाराजगी की चर्चा है। क्या इसका असर ग्रामीण क्षेत्रों में भी दिखाई दे रहा है?
जेनजी के नाम पर जो तस्वीर पेश की गई, वह वास्तविकता से अलग थी। प्रधानमंत्री के लखनऊ आगमन पर युवाओं की भागीदारी ने भी स्थिति स्पष्ट कर दी। वास्तविक युवा भाजपा के साथ है। हमारी सरकार युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास और प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध करा रही है। युवाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने के लिए भी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
आपके कार्यक्षेत्र में घाटमपुर, बिल्हौर और बिठूर विधानसभा क्षेत्र हैं। यहां से कितने दावेदार सामने आएं हैं?
भाजपा लोकतांत्रिक व्यवस्था वाला संगठन है। हर कार्यकर्ता को अपनी बात रखने और चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर करने का अधिकार है। जो लोग चुनाव लड़ना चाहते हैं, वे पार्टी के क्षेत्रीय, प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने अपनी बात रख सकते हैं। प्रत्याशी तय करना शीर्ष नेतृत्व का विषय है।
आप स्वयं घाटमपुर से विधायक रह चुके हैं। क्या 2027 के चुनाव में फिर से दावेदारी करेंगे?
मैं घाटमपुर से विधायक रह चुका हूं। पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के आशीर्वाद से मुझे क्षेत्र की सेवा करने का अवसर मिला था। फिलहाल मेरी प्राथमिकता जिला अध्यक्ष के रूप में संगठन को मजबूत करना और पार्टी की जिम्मेदारियों का निर्वहन करना है। आगे क्या जिम्मेदारी मिलेगी, यह पार्टी का नेतृत्व तय करेगा।
संविधान और आरक्षण को लेकर विपक्ष ने जो नैरेटिव को लेकर भाजपा क्या कर रही है?
संविधान और आरक्षण को लेकर विपक्ष ने भ्रामक और नकारात्मक प्रचार किया था। समाज अब जागरूक है और इस तरह के नैरेटिव की वास्तविकता समझ चुका है। भाजपा पिछड़े, अनुसूचित और सामान्य वर्ग सहित सभी समाज के लोगों के कल्याण के लिए काम किया है। हम जनता के बीच जाकर सरकार के काम की जानकारी दे रहे हैं।
क्या 2027 के चुनाव में भाजपा के गठबंधन या सीटों को लेकर कोई बदलाव होने की संभावना है?
भाजपा का पूरा ध्यान संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच अपनी उपलब्धियां पहुंचाने पर है। चुनाव में किसी गठबंधन या विपक्षी रणनीति का भाजपा पर कोई असर नहीं पड़ेगा। हम 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार हैं और जीत के प्रति आश्वस्त हैं।
Leave a Comment
Login with your mobile number to post a comment. New here? Create your account using OTP verification.
Login to Your Account
OTP verification is required for login and registration.
LIVE अपडेट
राज्य
Stay Connected
Get Newsletter
Subscribe to our newsletter to get latest news, popular news and exclusive updates.






0 Comments
No comments yet. Be the first to share your thoughts!