कानपुर के सीओडी पुल पर तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई, जिससे सामने से आ रहे सेना के सूबेदार बाबू सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

NOI  संवाददाता, कानपुर। रेलबाजार के सीओडी पुल पर गुरुवार सुबह तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद दूसरी लेन में पलट गई। कार सामने से आ रहे पल्सर सवार सेना के सूबेदार 42 वर्षीय बाबू सिंह के ऊपर जा गिरी।

हादसे में कार के नीचे दबकर उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार सवार परिवार के चार लोग घायल हो गए। घायलों को कांशीराम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां रेखा गुप्ता को गंभीर हालत में एलएलआर अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

हमीरपुर के मौदहा निवासी प्रेमचंद्र गुप्ता परिवार के साथ बिठूर में शादी समारोह में शामिल होकर गुरुवार सुबह श्यामनगर जा रहे थे। कार उनके दामाद दिलीप ओमर चला रहे थे। सीओडी पुल पर ओवरटेक के दौरान कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और दूसरी लेन में पहुंच गई।

इसी दौरान रामादेवी से झकरकटी जा रहे चकेरी के गांधीग्राम निवासी बाबू सिंह कार की चपेट में आ गए। सेना में सूबेदार बाबू सिंह जैसलमेर में तैनात थे। वर्ष 2004 में भर्ती हुए बाबू सिंह 16 सितंबर को छुट्टी लेकर चचेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए घर आए थे।

गुरुवार सुबह वह कचहरी में किराएदारी का एग्रीमेंट बनवाने निकले थे। उनके परिवार में पत्नी मंजू यादव, बेटियां महक और मुस्कान तथा बेटा उमंग हैं। हादसे की सूचना मिलते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया। वहीं, कार में सवार प्रेमचंद्र, रेखा और दिलीप घायल हुए, जबकि शिल्पी और बच्ची को मामूली चोटें आईं।

हादसे के बाद रामादेवी से झकरकटी मार्ग पर करीब 500 मीटर तक जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार हटवाकर यातायात सामान्य कराया। रेलबाजार थानाप्रभारी अमान सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Leave a Comment

Login with your mobile number to post a comment. New here? Create your account using OTP verification.

Get Newsletter

Advertisement