लखनऊ, NOI : राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके में सरकारी जमीन पर कब्जा करने के मामले में माफिया डान मुख्तार अंसारी पर शिकंजा कसा है। बांदा जेल में बंद मुख्तार अंसारी को कड़ी सुरक्षा में सड़क मार्ग से लाकर सोमवार को एमपी/एमएलए कोर्ट में पेश किया गया है।

लखनऊ के एसीजेएम तृतीय की कोर्ट में पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी को कड़ी सुरक्षा के घेरे में लाया गया है। माफिया डान मुख्तार अंसारी को दोपहर करीब डेढ़ बजे पेशी पर लखनऊ में एसीजेएम तृतीय की कोर्ट में लाया गया। मुख्तार के यहां पहुंचने से पहले ही कोर्ट के आस पास सुरक्षा के दृष्टिगत भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। इससे पहले भी आलाधिकारियों ने सुरक्षा का जायजा भी लिया।

मुख्तार अंसारी के खिलाफ लखनऊ के पॉश इलाके डालीबाग में शत्रु संपत्ति पर कब्जा कर अवैध निर्माण करने के मामले में हजरतगंज कोतवाली में धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और साजिश समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। मामले में मुख्तार की पत्नी, बेटा अब्बास अंसारी, उमर अंसारी भी आरोपित हैं। वह जमानत पर हैं। मुकदमे में चार्जशीट भी दाखिल हो चुकी है। इसी मामले में उसे पेशी पर लाया गया है।

मुख्तार अंसारी की एंबुलेंस और सुरक्षा में चल रहा वज्र वाहन जैसे ही कोर्ट के बाहर गेट पर रुका। पुलिस कर्मियों ने मुख्तार अंसारी को सुरक्षा के घेरे में ले लिया। मुख्तार अंसारी को सात अप्रैल 2021 को पंजाब जेल से बांदा जेल में शिफ्ट किया गया था। उसे बांदा जेल से सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस टीम वज्र वाहन के साथ लखनऊ के लिए लेकर रवाना हुई थी। फतेहपुर से रायबरेली के रास्ते लखनऊ लाया गया।

पूर्व विधायक माफिया मुख्तार अंसारी की सोमवार को लखनऊ में अवैध निर्माण के मामले में पेशी है। डीआइजी जेल संजीव त्रिपाठी ने लखनऊ पेशी में ले जाने की पुष्टि की है। मुख्तार अंसारी को लखनऊ लाने की सूचना पर बांदा जेल में रविवार शाम से ही खलबली मच गई थी। बांदा के मंडल कारागार से मुख्तार अंसारी को एंबुलेंस में बैठाया गया। इसके बाद पुलिस की टीम तिंदवारी बहुवा फतेहपुर के रास्ते लखनऊ के लिए निकली।

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement