कानपुर में फिर बैंक के लाकर से 20 लाख के गहने गायब, एक ही शाखा पर है शातिर का निशाना | न्यूज़ आउटलुक
कानपुर, NOI : फीलखाना के कराची खाना स्थित सेंट्रल बैंक आफ इंडिया की शाखा में एक और लाकर से 20 लाख के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। लाकर धारक ने शाखा प्रबंधक को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। 17 दिन के अंदर लाकर से जेवर चोरी होने की दूसरी घटना सामने आने से बैंक प्रबंधन सवालों के घेरे में है। इसमें किसी विभागीय कर्मी की मिलीभगत की आशंका जताई गई है।
बिरहाना रोड निवासी शिवशंकर गुप्ता की पत्नी सीता गुप्ता का बैंक खाता व लाकर कराचीखाना शाखा में है। उनके मुताबिक, बैंक में उनके लाकर संख्या 414 में 20 लाख रुपये के करीब 350 ग्राम सोना व चांदी के जेवरात रखे थे। बीती सात जनवरी को जब उन्होंने लाकर खोला तो उसमें रखे सीताराम की पंतुर, दो जोड़ी कान का झुमका, एक जोड़ा तोड़ा, एक जोड़ा बाला, दो जोड़़ चांदी की थाली, तीन जोड़ी टाप्स, पांच छोटी नथ, एक हार, एक मोहर लाकेट, एक सीम लाकेट, एक प्लेट चूड़ा और एक हाय आदि जेवर गायब थे। बैंक शाखा में शिकायत के बाद अनसुनी कर दी गई।
चार दिन पहले डीसीपी पूर्वी प्रमोद कुमार से मिलकर घटना बताई। उन्होंने फीलखाना पुलिस को निर्देश देकर गुरुवार को मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने लाकर रूम का जायजा लिया। गौरतलब है कि 14 मार्च को ठीक इसी तरह से इसी बैंक शाखा के लाकर से चकेरी श्यामनगर निवासी मंजू भट्टाचार्य के 30 लाख रुपये के जेवर चोरी हो गए थे। उन्होंने भी मामले में बैंक अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। उस मामले में भी पुलिस जांच कर रही है और अब तक कोई बड़ा साक्ष्य हाथ नहीं लगा है।
अभी और आ सकते मामले : पुलिस के मुताबिक, सेंट्रल बैंक की कराची खाना शाखा में दो मामले लगातार सामने आ चुके हैं। इससे अभी और मामले भी सामने आने की आशंका है। इसको लेकर भी जांच की जा रही है। हालांकि, इसकी सच्चाई तभी पता चलेगी, जब लोग अपना लाकर खोलेंगे।
Leave A Comment
LIVE अपडेट
राज्य
Stay Connected
Get Newsletter
Subscribe to our newsletter to get latest news, popular news and exclusive updates.





0 Comments
No Comments