संत कबीर नगर, NOI : संत कबीर नगर जिले के मेहदावल थाना क्षेत्र में आने वाले करमैनी गांव में एक 6 साल के मासूम को पहले अगवा किया गया‌। इसके बाद 15 लाख रुपये की फिरौती मांगी। लेकिन जब फिरौती की रकम नहीं मिली तो अपराधियों ने हैवानियत पर उतरते हुए मासूम की हत्या कर छोटे छोटे टुकड़ाें में काट कर फेंक दिया। सूचना मिलने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों सहित जाब्ता मौके पर पहुंचा और मासूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा‌। जानकारी के अनुसार 6 अप्रैल को कृष्‍णा अगवा हो गया था‌। इस संबंध में गुमशुदगी की रिपोर्ट मेंहदावल थाने में दर्ज भी की गई थी। इसी बीच अपहरणकर्ताओं ने मासूम के बदले 15 लाख रुपये की डिमांड परिजन से की। जब परिजन ऐसा नहीं कर सके तो आरोपियों ने मासूम की हत्या कर दी।

रुपये नहीं मिलने के बाद मासूम की हत्या कर आरोपियों ने उसके कई टुकड़े कर दिए। पुलिस को फिलहाल गांव के पास मौजूद गेहूं के खेत से मासूम का सिर और हाथ ही मिला है। अब पुलिस मासूम के अन्य अंगों को ढूंढने का प्रयास कर रही है‌‌। साथ ही आरोपियों को पकड़ने के लिए भी पुलिस बल लगातार दबिश दे रहा है। वहीं परिजन की तहरीर पर पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू कर दी है‌। जिले के एसपी डॉक्टर कौस्तुभ ने बताया कि कुछ दिन पूर्व 6 वर्षीय मासूम अचानक गायब हो गया था।  इसके बाद गुरुवार को उसका शव बरामद हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज पुलिस आवश्यक कार्यवाही में जुटी हुई है। वहीं परिजनों की तहरीर पर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है‌। कौस्‍तुभ ने कहा कि वारदात में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मासूम के शव मिलने की सूचना के साथ ही परिजनों में कोहराम मच गया। मासूम के परिजन बदहवास हालत में दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे। यहां पर अपने ही बेटे के टुकड़े देख वे बदहवास हो गए।  ग्रामीणों ने उन्हें संभाला।

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement