कानपुर, जागरण संवाददाता। नौबस्ता से बर्रा के बीच भी मेट्रो दौड़ाने की तैयारी है। दोनों जगहों के बीच की पांच किलोमीटर की दूरी में तीन स्टेशन बनाए जा सकते हैं। फिलहाल योजना का प्रस्ताव सामने आया है और इस रूट का निरीक्षण करने के बाद इसकी योजना शासन को भेजी जाएगी।

मंडलायुक्त डा. राजशेखर की अध्यक्षता में मंगलवार को कानपुर समग्र विकास योजना की बैठक में समन्वयक नीरज श्रीवास्तव ने नौबस्ता से बर्रा के बीच लगभग पांच किलोमीटर का मेट्रो ट्रैक और बनाने का प्रस्ताव दिया। मेट्रो के मुख्य परियोजना अधिकारी अरविंद कुमार ने भी इस पर हामी भरी है। अगर इस रूट पर काम होता है तो झकरकटी बस अड्डे और रेलवे स्टेशन तक दक्षिण क्षेत्र की बड़ी आबादी की पहुंच आसान हो जाएगी। इस रूट पर ट्रेन चलाने के लिए परियोजना निदेशक कानपुर मेट्रो परीक्षण करेंगे उसके बाद इसका प्रस्ताव प्रमुख सचिव आवास को भेजा जाएगा ।

पहले चरण के प्राथमिक कारिडोर आइआइटी से मोतीझील के बीच मेट्रो चलनी शुरू हो गई है। इसी चरण में मोतीझील से चुन्नीगंज, सेंट्रल स्टेशन, टाटमिल होते हुए नौबस्ता गल्ला मंडी तक ट्रैक बिछाया जाना है। इस रूट पर कुल 21 स्टेशन होंगे और यहां काम भी शुरू हो चुका है। दूसरे चरण में चंद्रशेखर कृषि आजाद विश्वविद्यालय (सीएसए) से बर्रा-8 तक मेट्रो का कारिडोर बनाया जाना है। इस रूट पर आठ स्टेशन होंगे। दोनों कारिडोर में बर्रा-8 से नौबस्ता गल्ला मंडी के बीच का क्षेत्र मेट्रो की सुविधा से छूट रहा था। अगर इस रूट पर मेट्रो चलेगी तो दोनों क्षेत्र आपस में जुड़ जाएंगे और इस क्षेत्र की बड़ी आबादी सीधे बस अड्डे और रेलवे स्टेशन तक पहुंच सकेगी।

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement