लखनऊ, NOI : समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में सत्ता के संरक्षण में अराजकता और अव्यवस्था को बढ़ावा मिल रहा है। भाजपा के नेता अहंकार में डूबे हैं, स्थानीय प्रशासन भी भाजपा के दबाव में असल आरोपितों को बचाने लगा है। भाजपा राज में हत्या, छेड़खानी, दुष्‍कर्म की घटनाएं बेलगाम हैं और बच्चियों तथा महिलाओं को सर्वाधिक अपमानित होना पड़ रहा है।

अखिलेश ने कहा कि कन्नौज में भाजपा कार्यकर्ता ने एक दलित बालिका की दुष्‍कर्म कर हत्या कर दी। बदायूं में एक बहन के साथ भाजपाई ने नशे में छेड़छाड़ की और पुलिस में शिकायत करने पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। अयोध्या में आइएएस की तैयारी कर रही एक युवती से नशे की हालत में सिपाही ने अश्लील हरकत की।

फर्रूखाबाद में एक किशोरी से छेड़छाड़ के आरोपी पर जब केस दर्ज हुआ तो उसको छुड़ाने के लिए भाजपाइयों ने दो घंटे तक शहर कोतवाली में हंगामा किया। भाजपा राज में बाल अपराध के नए कीर्तिमान रचे जा रहे हैं। एक जनवरी 2022 से 30 अप्रैल 2022 चार जिलों देवरिया, गोरखुपर, कुशीनगर व महाराजगंज में 35 लड़के व 47 लड़कियों समेत कुल 82 मासूम लापता हो गए। भाजपा राज में बहन बेटियां खुद को पूरी तरह असुरक्षित महसूस कर रही हैं। अपराध के प्रति जीरो टालरेंस का दावा करने वाले मुख्यमंत्री अपने ही दल के बेलगाम नेताओं की अराजकता पर कब रोक लगाएंगे?

बता दें क‍ि इससे पहले अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमलावर होते हुए कहा था कि देश की अर्थव्यवस्था को भाजपा ने चंद पूंजीपतियों के घरानों के पास बंधक बना दिया है। जनता कंगाल होकर कराह रही है जबकि अमीर हर रोज समृद्धि और सम्पन्नता के नए शिखर छू रहे हैं।

उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को वन ट्रिलियन बनाने की दंभ पूर्ण घोषणा तो दोहराई जाती रही है लेकिन यथार्थ में यह प्रदेश अब हर क्षेत्र में पिछड़ता जा रहा है। अखिलेश ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि डीजल-पेट्रोल, रसोई गैस, बिजली एवं खाने का तेल, खाद्य वस्तुएं सहित अन्य घरेलू सामान महंगा हो गया है।

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement