लखनऊ, NOI : पर्यटन और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए योगी सरकार विभागीय ढांचे में बड़ा बदलाव करने जा रही है। परियोजनाओं और गतिविधियों की कमान अभी क्षेत्रीय कार्यालयों के पास होती है, लेकिन अब इसे जिला स्तर पर लाने की तैयारी है।

हर जिले में पर्यटन एवं संस्कृति परिषद का गठन किया जा रहा है। इसकी नियमावली को पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने अनुमोदित कर दिया है। अब जल्द ही इस प्रस्ताव को कैबिनेट की बैठक में रखा जाएगा। 

भाजपा ने विधानसभा चुनाव के दौरान लोक कल्याण संकल्प पत्र जारी किया था। उसमें घोषणा थी कि हर जिले में पर्यटन एवं संस्कृति परिषद का गठन किया जाएगा। अब इस दिशा में सरकार ने कदम बढ़ा दिया है। परिषद के गठन के लिए नियमावली का प्रारूप बना लिया गया है, जिसे विभागीय मंत्री ने स्वीकृति दे दी है।

मंत्री ने बताया कि परिषद द्वारा जिले में पर्यटन का वातावरण तैयार करने के लिए दिशा-निर्देश जारी करेगी। पर्यटन स्थलों के विकास के लिए प्राथमिकता से कार्ययोजना बनाएगी। वित्तीय व्यवस्था के लिए परियोजनाओं और कार्यक्रमों का प्रस्ताव परिषद द्वारा ही निदेशालय को भेजा जाएगा। प्रत्येक विकास भवन या कलक्ट्रेट में परिषद के कर्मी के लिए एक कमरा भी आवंटित किया जाएगा।

जयवीर सिंह का कहना है कि सभी औपचारिकताएं पूरी कर जल्द ही परिषद के गठन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इससे सभी जिलों में पर्यटन विकास की संभावना बढ़ेगी और संस्कृति को भी स्थानीय स्तर पर बेहतर ढंग से संरक्षित-प्रोत्साहित किया जा सकेगा।

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement