बेटे-बहू को कमरे में बंधक बना बुजुर्ग ने बचाने आई पुलिस पर किए फायर, गोली लगने से दारोगा घायल | NOI
कानपुर, NOI : चकेरी के श्याम नगर में घरेलू विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस पर फायरिंग कर दी गई, जिसमें गोली लगने से दारोगा समेत तीन पुलिस कर्मी जख्मी हुए हैं। सूचना पर फोर्स लेकर एडीसीपी और एसीपी पहुंच गए और घर में कैद बेटे-बहू को सुरक्षित बाहर निकलवाया। साथ ही गोली चलाने वाले व्यक्ति को हिरासत में लेकर डबल बैरल बंदूक कब्जे में ली है। चकेरी के श्याम नगर सी ब्लॉक राम कुमार दुबे परिवार के साथ रहते हैं। परिवार में पत्नी किरण दो बेटे सिद्धार्थ और राहुल वह दिव्यांग बेटी चांदनी है। बेटे राहुल ने बताया कि पिता बड़े भाई सिद्धार्थ को अलग रहने के लिए कहते थे। इस बात को लेकर अक्सर झगड़ा होता था। रविवार को पिता ने विवाद के बाद भाई और भाभी भावना को कमरे में बंद कर दिया। दोपहर करीब 1 बजे भाई ने खुद को बचाने के लिए पुलिस को सूचना दी। जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची पिता ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
सूचना पर डीसीपी पूर्वी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया लेकिन उन्होंने फायरिंग जारी रखी। करीब दो घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद पुलिस टीम ने बेटे और बहू को सुरक्षित बाहर निकाला और आरोपित वृद्ध को हिरासत में लेकर डबल बैरल बंदूक कब्जे में ली है। वहीं फायरिंग में गोली लगने से दारोगा और दो पुलिस कर्मी घायल हो गए, जिनका उपचार अस्पताल में कराया गया। पुलिस को घर के अंदर से करीब 14 खोखे मिले हैं, वहीं कुछ कारतूस भी बरामद किए हैं।
डीसीपी पूर्वी प्रमोद कुमार ने बताया कि पारिवारिक विवाद की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। इस दौरान वृद्ध ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जिसमें दरोगा हिमांशु त्यागी, कांस्टेबल रामरतन और गार्ड अश्वनी कुमार छर्रे लगने से घायल हो गए हैं। जिनका प्राथमिक उपचार कराया जा रहा है। भाइयों से जमीन का विवाद और बेटे-बहू के विवाद को लेकर आरोपित राजकुमार दुबे मानसिक अस्वस्थ हैं, जिनका उपचार कराए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस पर उन्होंने 30-40 बार फायरिंग की है, डबल बैरल बंदूक को कब्जे में लिया गया है। प्रकरण में कार्रवाई की जा रही है।
Leave A Comment
LIVE अपडेट
राज्य
Stay Connected
Get Newsletter
Subscribe to our newsletter to get latest news, popular news and exclusive updates.





0 Comments
No Comments