लखनऊ, NOI : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने पुलिस व प्रशासन की मदद से क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष का चुनाव जीता है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाई हैं। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष व क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में जितनी गुंडागर्दी हुई उतनी किसी चुनाव में नहीं हुई। अगर प्रशासन का इस्तेमाल न होता तो चुनाव के परिणाम कुछ और होते।

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार की इस हरकत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी बधाई दे रहे हैं जो कि शर्मनाक है क्योंकि इन चुनाव में गुंडागर्दी का नंगा नाच हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में अराजकता मुख्यमंत्री के इशारे पर की गई है। इसमें प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल रहे। ऐसे अधिकारियों को चिह्नित किया गया है। उन्होंने कहा कि मैं भाजपा सरकार और उनकी पुलिस पर भरोसा नहीं करता।

अखिलेश ने कहा कि यूपी में इस स्तर की गुंडागर्दी कभी भी नहीं हुई है। लेकिन सपा के कार्यकर्ताओं का हौसला बुलंद है। वे आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के हर षड़यंत्र का जवाब देने के लिए तैयार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा के गुंडाराज से ऊब चुकी है और समाजवादी पार्टी की ओर देख रही है। भाजपा जनता से नहीं लड़ सकती है और जनता बदलाव चाहती है।

जनता का ध्यान हटाने के लिए समय-समय पर षडयंत्र रचे जाते हैं। अखिलेश ने कहा कि किसानों का बुरा हाल है। भाजपा राज में डीजल-पेट्रोल के आसमान छूते भाव और बढ़ती महंगाई से जनता त्रस्त है। खेती के काम आने वाली खाद, बीज, कीटनाशक सब महंगे हैं। भाजपा ने 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया, लेकिन किया कुछ नहीं। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण काल में तमाम लोगों की जानें चली गईं। सपा की सरकार बनने पर नए सिरे से डेथ ऑडिट कराई जाएगी और मौतों के आंकड़े छुपाने वालों पर कार्रवाई होगी।

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement