संवाद सूत्र, NOI :  जिले के गांव चक्क बजिदा के रहने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने हरियाणा से पहुंची पुलिस पर उक्त व्यक्ति के परिजनों ने हमला कर दिया। हालांकि, पुलिस इस बारे में थाना घुबाया पुलिस को सूचना देने के बाद ही उक्त व्यक्ति के घर में रेड करने के लिए गई थी लेकिन उक्त घर में मौजूद महिलाओं ने एक महिला इंस्पेक्टर की वर्दी के शौल्डर उखाड़ दिए, जबकि अन्य पुरूषों ने पुलिस की अन्य टीम से झगड़ा करते हुए धक्का-मुक्की। इस दौरान आरोपित भागने में कामयाब हो गया, जिस संबंधी शिकायत सदर थाना पुलिस में दर्ज करवा दी गई है।

पुलिस को देखकर आरोपित ने मचाया शोर

पुलिस को दी शिकायत में हरियाणा के हिसार की इंचार्ज महिला इंस्पेक्टर सरोज ने बताया कि पुलिस ने गांव चक्क बजिदा निवासी सोनू सिंह के खिलाफ हिसार में धारा 376 (2)एन, 354-डी, 450, 506 के तहत मामला दर्ज किया हुआ था। इसी के तहत पुलिस उक्त आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पंजाब में पहुंची और थाना घुबाया की पुलिस को इस संबंध में थाने में आकर सूचना दी। टीम आरोपित के घर पहुंची जहां सोनू सिंह घर के प्रांगण में सो रहा था। इस दौरान पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन उसे गिरफ्तार कर लिया गया। जब वह सोनू सिंह को वहां से ले जा रहे थे तो उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसी के चलते सोनू सिंह का पिता मंगल सिंह, एक अन्य व्यक्ति महिंद्र सिंह व 5 अज्ञात महिलाएं व पुरूष वहां आ गए और पुलिस टीम के साथ झगड़ा करना शुरू कर दिया। जब उन्होंने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उक्त महिलाओं ने उसकी वर्दी के शौल्डर को उखाड़ दिया और साथी पुलिस कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की की।

इन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज, तलाश जारी

इस दौरान उक्त लोगों ने सोनू सिंह को पुलिस की गिरफ्त से छुड़वाया और उसे भगा दिया। इसके चलते वह फरार होने में कामयाब हो गया, जिसके बाद पुलिस टीम वहां से लौटी और मामले की शिकायत पुलिस को दर्ज करवाई। जांच अधिकारी एएसआई मुख्तयार सिंह ने बताया कि शिकायत पर कार्रवाई करते हुए उन्होंने मंगल सिंह, सोनू सिंह, महिंद्र सिंह व 5 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए उनकी तलाश शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपितों को काबू कर लिया जाएगा।

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement