NOI संवाददाता, कानपुर। शहर में बिना पंजीकरण और सुरक्षा मानकों में खामियां मिलने पर कोचिंग संस्थानों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई तेज होने के बाद अब कोचिंग संचालक और शिक्षक भी खुलकर सामने आ गए हैं।

काकादेव के कोचिंग संचालकों और शिक्षकों ने प्रशासन से अपील की है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ उनकी पढ़ाई और शिक्षकों की आजीविका का भी ध्यान रखा जाए। रविवार को काकादेव स्थित न्यू स्पीड काेचिंग में दर्जन भर से अधिक कोचिंग संचालकों ने बैठक की। उन्होंने मानक पूरे करने के लिए प्रशासन से समय देने की मांग की।

बैठक में मौजूद कोचिंग संचालकों ने कहा कि वे विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता मानते हैं और अग्निशमन सहित सभी सुरक्षा मानकों के पालन के लिए प्रतिबद्ध हैं।

उन्होंने कहा कि अचानक कक्षाएं बंद होने से छोटे और मध्यम स्तर के संस्थानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। अधिकांश संस्थान किराया, कर्मचारियों का वेतन, बिजली खर्च और अन्य व्यवस्थाएं केवल कक्षाओं से होने वाली आय पर निर्भर होकर संचालित करते हैं।

न्यू स्पीड कोचिंग के एमडी अमितेश त्रिपाठी ने बताया कि बैठक में करीब 15 से अधिक कोचिंग संचालकों ने बैठक की। प्रशासन की इस कार्रवाई के कारण कोचिंग संचालन में आ रही दिक्कतों को लेकर अपनी बात रखी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत का सबसे महत्वपूर्ण दौर होता है। इसी समय नए प्रवेश होते हैं और पूरे वर्ष की शैक्षणिक गतिविधियों की नींव रखी जाती है। ऐसे में शिक्षण गतिविधियां पूरी तरह ठप होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और अभिभावकों में भी चिंता बढ़ रही है।

वहीं शीनिल कोचिंग के मैनेजर संदीप तिवारी ने प्रशासन से मांग की है कि संस्थानों को सुरक्षा मानकों को पूरा करने के लिए निर्धारित समय दिया जाए, ताकि वे चरणबद्ध तरीके से आवश्यक सुधार कर सकें।

इस दौरान सीमित छात्र संख्या और तय सुरक्षा प्रोटोकाल के साथ कक्षाएं संचालित करने की अनुमति देने की भी मांग उठाई गई है। संचालकों का कहना है कि यदि आय का स्रोत पूरी तरह बंद हो जाएगा तो छोटे संस्थानों के लिए फायर सेफ्टी, भवन सुधार और अन्य मानकों पर खर्च जुटाना और कठिन हो जाएगा।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी संस्थान अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन निकास, अग्निशमन उपकरण और अन्य व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य करेंगे।

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement