NOI संवाददाता, कानपुर। गुरुवार को मौसम ने कई रंग दिखाए। सुबह धूप, दोपहर में बादल और फिर कहीं हल्की बारिश तो कहीं बूंदाबांदी हुई, लेकिन इससे राहत मिलने के बजाय उमस और बढ़ गई। अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नमी का स्तर 73 प्रतिशत तक पहुंचने से हीट इंडेक्स 65 रिकार्ड हुआ। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है तथा 21 जून से कानपुर में हीटवेव की स्थिति बनने की संभावना है।

दोपहर बाद अचानक घने बादल छाने और तेज हवा चलने से लोगों को राहत की उम्मीद जगी, लेकिन बारिश का असर क्षणिक रहा। बादलों के हटते ही तेज धूप निकल आई और उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। दिनभर पसीना और चिपचिपाहट लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी रही। रात का तापमान भी 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे रात में भी गर्मी और बेचैनी बनी रही।


मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 24 जून तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। नमी के कारण कुछ पार्केट में बादल बनने से बारिश हो सकती है।

वहीं तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव के साथ शुष्क गर्मी बनी रहेगी। उन्होंने बताया कि 24-25 जून के आसपास उत्तरी बंगाल की खाड़ी में बनने वाला नया निम्न दबाव क्षेत्र मानसून को फिर सक्रिय कर सकता है। इस सिस्टम के बनने से दक्षिण-पश्चिमी मानसूनी हवा मजबूत होंगी और देश के मध्य व उत्तरी हिस्सों में नमी बढ़ेगी।

इसके प्रभाव से ओडिशा, महाराष्ट्र और मध्य भारत में व्यापक वर्षा शुरू होने के साथ मानसून की प्रगति तेज होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि मौसम विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार फिलहाल कानपुर समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लोगों को उमस और गर्म हवा का सामना करना पड़ेगा, जबकि राहत के संकेत जून के अंतिम सप्ताह में ही दिखाई दे सकते हैं।


तारीख न्यूनतम अधिकतम (डिग्री)
14 जून: 25.6 37.4
15 जून: 27.0 39.3
16 जून: 25.2 39.4
17 जून: 28.4 40.0
18 जून: 27.4 39.6

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement