NOI संवाददाता, लखनऊ। यूपी में छिटपुट गतिविधियों तक सीमित मौसम की सक्रियता के बीच तापमान में वृद्धि जारी है। इसी के साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, गाजीपुर, वाराणसी, लखीमपुर खीरी व बहराइच सहित 39 जिलों में लू का दौर जारी रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में प्रभावी मौसमी गतिविधियों की अनुपस्थिति में आगामी चार से पांच दिनों में विशेष परिवर्तन नहीं होगा। फिलहाल प्रदेश में मानसून आने की परिस्थितियां अनुकूल नहीं हैं।

कुछ जिलों में हल्की बारिश

मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि रविवार को कुछ जिलों में छिटपुट बारिश से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली, लेकिन प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में चिलचिलाती धूप, गर्म हवाओं और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। अगले पांच दिनों तक लखनऊ समेत अवध के कई जिलों में हीटवेव के आसार हैं।

प्रदेश के 39 जिलों में आज भी जारी रहेगी लू

मौसम विभाग के अनुसार मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में अगले एक सप्ताह तक लू का प्रभाव बना रह सकता है। सिंह के अनुसार प्रदेश में मानसून पहुंचने में पांच से छह दिन लग सकते हैं। प्री-मानसून गतिविधियां 25 जून के बाद शुरू होने की संभावना है। रविवार दोपहर राजधानी लखनऊ में धूप-छांव के साथ हवा भी चलती रही। इससे गर्मी से हल्की राहत मिली।

अधिकतर जिलों का तापमान 40 के आसपास होगा

लखनऊ का अधिकतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस अधिक 40.9 डिग्री सेल्सियस रहा। बांदा का अधिकतम तापमान प्रदेश में एक बार फिर सर्वाधिक 42.6 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रयागराज का तापमान 42.5, वाराणसी का 42.4 व बहराइच का 42 डिग्री सेल्सियस रहा।

इन जिलों में चलेगी लू

मौसम विभाग के अनुसार बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर एवं आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को लू चलेगी।

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement