NOI संवाददाता, कानपुर। गोविंद नगर में मंगलवार सुबह शार्ट सर्किट होने से फर्नीचर गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने मालिक और यूपी 112 पर सूचना दी, जिसके कुछ ही देर बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने आठ गाड़ियों की मदद से करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

पांडु नगर निवासी गौरव भसीन की चावल मार्केट में गौरव फर्नीचर के नाम से शोरूम हैं। गोविंदपुरी पुराने के पास ही उनका गोदाम हैं, जिसमें सुबह करीब पांच बजे एकाएक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग और वहां से गुजर रहे राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।

आनन-फानन में लोगों ने गोदाम मालिक को सूचना देने के साथ ही पुलिस को सूचना दी। जानकारी पर फजलगंज, लाटुश रोड, कर्नलगंज और किदवई नगर से दमकल की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंची। इसके बाद गोदाम के आगे लगे शीशें को तोड़कर आग को बुझाने का काम शुरू किया।
करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। हालांकि आग से हुए नुकसान के बारे में जानकारी नहीं हो सकी है। इस दौरान गोविंदपुरी पुल से चावल मार्केट चौराहा की ओर आने वाला यातायात भी प्रभावित रहा। वाहनों को डीबीएस कालेज रोड या फिर विपरीत दिशा से निकाला गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शार्ट सर्किट होने से आग लगना प्रतीत हो रहा है। गोदाम में कोई भी फंसा नहीं था। आग को पूरी तरह से काबू कर लिया गया है। कोई जनहानि नहीं हुई है।

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement