BJP युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में कानपुर जाम, शहरभर में थमा ट्रैफिक; खुद का काफिला भी फंसा
NOI संवाददाता, कानपुर। कानपुर में मंगलवार को भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई। शहर के विभिन्न मार्गों पर जगह-जगह स्वागत मंच और कार्यकर्ताओं की भीड़ के चलते लंबा जाम लग गया। कई प्रमुख मार्गों पर वाहन रेंगते रहे और ट्रैफिक पुलिस को व्यवस्था संभालने में कठिनाई का सामना करना पड़ा।
मंगलवार सुबह से ही शहर में ट्रैफिक प्रबंधन पूरी तरह से फेल दिख रहा है। भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्र के स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं ने सड़क मार्गों के किनारे ही इंतजाम किया है, जो यातायात में बाधा बना है। लगभग हर हिस्से में वाहनों का जाम लगा हुआ है। रामादेवी से भौंती तक भारी और हल्के वाहन भीषण जाम से जूझ रहे हैं। जाजमऊ से रामादेवी चौराहे तक भी जाम लगा हुआ है।
इधर, टाटमिल और झकर कटी रेलवे ओवर ब्रिज तक जाम है। चौराहा-तिराहा पर ड्यूटी पर लगे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों का यातायात सामान्य करने में पसीना छूट रहा है। फजलगंज चौराहा और मेडिकल कॉलेज पुल से लेकर ईदगाह तक भी जगह-जगह जाम की स्थिति बन रही है। परेड चौराहे से लेकर मोती झील मेट्रो स्टेशन तक के मार्ग पर कई जगह भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में कार्यकर्ताओं की भीड़ मौजूद है, मंच भी बनाया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष का काफिला भी फंसा
खुद के स्वागत के लिए बनाए गए मंचों और वहां मौजूद कार्यकर्ताओं की वजह से लगे जाम में खुद युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी फंस गए। उनका काफिला निकलाने के लिए पुलिस वाले मशक्कत करते नजर आए। लेकिन अन्य वाहनों के घंटों फंसे होने के बावजूद न कार्यकर्ताओं को सड़क से हटाया गया न मंच को।
एंबुलेंस को निकलने में लगे 30 मिनट
चकेरी के कृष्णा नगर जीटी रोड स्थित जुगल पैलेस के बाहर एक स्वागत मंच बनाया गया था। जहां काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। इससे जाम में एक एंबुलेंस करीब 30 मिनट तक फंसी रही। इस ओर न ट्रैफिक पुलिस का ध्यान गया न आयोजनकर्ताओं का। इसके बाद श्यामनगर आरओबी पल भी जाम की स्थिति रही। जिसमें काफी संख्या में स्कूली वाहन भी फंसे रहे। जिसमें बच्चें घर वापस पहुंचने को बैठे थे। श्याम नगर पुल समिति की सर्विस लेन पर भी वाहनों का काफिला फंसा था। जिसे खुलवाने में कृष्णा नगर चौकी पुलिस के पसीने छूट गए। इसी तरह से जाजमऊ गंगापुर से लेकर रामादेवी तक हाल रहा।
यशोदानगर बाईपास पर भी बच्चे और मरीज परेशान
यशोदा नगर बाईपास से लेकर गोशाला चौराहे पर भी स्वागत के लिए मंच बनाया गया। जहां पर सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता बीच रोड पर मौजूद रहे। इस बीच पशुपति नगर चौराहे से लेकर बाईपास और प्रताप होटल से लेकर यशोदा नगर बाईपास तक लंबी वाहनों की कतार लगी रही। करीब डेढ़ बजे स्कूल की छुट्टी होने से वहां पर स्कूली वाहनों में बच्चे भी फंसे रहे। प्रताप होटल की तरफ से आई एंबुलेंस भी बीच रोड फंसी रही। यहां पर ट्रैफिक पुलिस कर्मी असहाय नजर आए।
Leave A Comment
LIVE अपडेट
राज्य
Stay Connected
Get Newsletter
Subscribe to our newsletter to get latest news, popular news and exclusive updates.





0 Comments
No Comments