महंगाई से गुड़ की भी घटी 'मिठास', 60 से 80 हुआ भाव, दीपावली तक और चढ़ेगा बाजार
NOI संवाददाता, कानपुर। मंडियों में आवक घटने और मांग में बदलाव के चलते रसोई का बजट लगातार बढ़ रहा है। चीनी के दाम में तेजी के साथ अब गुड़ भी महंगा हो गया है। 31 जुलाई को थोक मंडी में 48 से 50 रुपये किलो बिकने वाला गुड़ अब बढ़कर 68 से 70 रुपये किलो पहुंच गया है। फुटकर बाजार में भी इसका भाव 60 से बढ़कर रविवार को 80 रुपये किलो तक पहुंच गया है। वहीं सावन में खपत कम होने के बावजूद प्याज का थोक भाव भी 50 रुपये किलो तक पहुंच गया है।
गुड़ के भाव में भी पिछले कुछ सप्ताह में उल्लेखनीय तेजी आई है। कारोबारियों के मुताबिक जब चीनी का भाव 46 से 48 रुपये किलो था, उस समय फुटकर बाजार में गुड़ करीब 60 रुपये किलो बिक रहा था। अब गुड़ का फुटकर भाव बढ़कर 80 रुपये किलो तक पहुंच गया है। यानी उपभोक्ताओं को एक किलो गुड़ के लिए करीब 20 रुपये अधिक खर्च करने पड़ रहे हैं। इसकी एक वजह गुड़ का सूखना भी माना जाता है और दूसरा अहम कारण बाजार में चीनी के दाम चढ़ने से गुड़ की मांग बढ़ी है। गुड़ की मंडी में आवक भी कम है। इसलिए भाव हर सप्ताह चढ़ रहे हैं। अब नया गुड़ बाजार में आने पर ही दाम नीचे जा सकेंगे।
सब्जी मंडी के थोक कारोबारियों के अनुसार, जुलाई के अंतिम सप्ताह में 25 रुपये प्रति किलो बिकने वाला प्याज इस साल लगातार तेजी दिखा रहा है। आम तौर पर सावन के महीने में प्याज की मांग घटने से बाजार नीचे रहता है लेकिन इस साल मंडियों में आवक कमजोर होने और बारिश के असर से भाव में लगातार तेजी बनी रही। अब थोक में प्याज 50 रुपये किलो तक पहुंच गया है।
बारिश के कारण कई क्षेत्रों से सब्जियों और कृषि उपज की आवक प्रभावित हुई है। प्याज की सीमित आवक ने तेजी को और बढ़ा दिया है। मांग बढ़ने की स्थिति में आने वाले दिनों में भाव पर दबाव बने रहने की आशंका है। सावन समाप्त होने के बाद प्याज और लहसुन की मांग बढ़ने की संभावना है। ऐसे में दोनों फसलों के भाव चढ़ जाएंगे। लहसुन अभी 125 रुपये प्रति किलो बिक रहा है।
चकरपुर सब्जी मंडी में अदरक के भाव में भी तेजी दर्ज की गई है। नई अदरक की आवक बेंगलुरु, औरंगाबाद और सतारा से हो रही है। कम आवक के कारण नई अदरक का भाव कुछ ही दिनों में 60-65 रुपये से बढ़कर करीब 100 रुपये किलो हो गया है। पुरानी अदरक 160 रुपये किलो तक बिक रही है।
Leave A Comment
LIVE अपडेट
राज्य
Stay Connected
Get Newsletter
Subscribe to our newsletter to get latest news, popular news and exclusive updates.





0 Comments
No Comments