NOI संवाददाता, कानपुर। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे को शहर से सीधे जोड़ने की जल्द कार्रवाई शुरू होगी। एक्सप्रेसवे की शहर की सीमा से करीब छह किलोमीटर दूरी होने के कारण इसे कानपुर से सीधी कनेक्टिविटी देने की मांग लंबे समय से उठ रही थी। अब इसके लिए जमीनी सर्वे शुरू कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है।

सांसद रमेश अवस्थी ने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे को शहर से जोड़ने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर मांग रखी थी। सांसद ने तर्क दिया था कि एक्सप्रेसवे शहर के नजदीक होने के बावजूद सीधे जुड़ाव नहीं होने से कानपुर के लोगों को इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है।

इस पर केंद्रीय मंत्री ने मंत्रालय के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद मंत्रालय और एनएचएआई के अफसरों को जमीनी पड़ताल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

एनएचएआइ संभावित कनेक्टिविटी मार्गों का सर्वे करेगी और जमीन की स्थिति, यातायात दबाव, मौजूदा सड़कों तथा तकनीकी जरूरतों का आकलन करेगी। सर्वे के आधार पर एक्सप्रेसवे को कानपुर शहर से सीधे जोड़ने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी।

अधिकारियों के मुताबिक, डीपीआर में संभावित मार्ग, कनेक्टिविटी की तकनीकी व्यवहार्यता और निर्माण के लिए जरूरी ढांचे का अध्ययन शामिल होगा।

इसके बाद प्रस्ताव को स्वीकृति के लिए संबंधित स्तर पर भेजा जाएगा। सीधे जुड़ाव की सुविधा मिलने पर शहर से एक्सप्रेसवे तक पहुंच आसान होने के साथ लखनऊ की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement