NOI संवाददाता, लखनऊ। अलीगंज में आवासीय जमीन पर बने अवैध व्यावसायिक इमारतों को सील करने का अभियान बुधवार को भी जारी रहा। स्थानीय लोगों के विरोध के बीच छह अवैध कांप्लेक्स सील हुए। वहीं, चिनहट व गोमती नगर में आठ अवैध निर्माणों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई।

उधर, गोसाईंगंज, बिजनौर व दुबग्गा में 30 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 13 अवैध प्लाटिंग पर जेसीबी चलाई गई।

प्रवर्तन जोन-4 के जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह ने बताया कि अलीगंज की चंद्रलोक कालोनी के सेक्टर-ई, सेक्टर-एफ, सेक्टर-जे, सेक्टर-ई में कार्रवाई की गई। अंशुमान सिंह, शशांक सिसौदिया, मदन गोपाल सिंह, देवरा, विपिन द्विवेदी, मोहित गुप्ता व अन्य द्वारा आवासीय भू-उपयोग में अवैध रूप से निर्मित छह व्यावसायिक बिल्डिंगों को सील किया गया।

जोनल अधिकारी ने बताया कि सील किये गये भवनों में शोरूम, रेस्तरां, निजी बैंक, बिग बास्केट गोदाम, बाक्स स्पोर्ट्स सेंटर आदि व्यावसायिक गतिविधियां संचालित थीं।

प्रवर्तन जोन-एक के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया, चिनहट के ग्राम-लौलाई, दमरिया, भुजंगीपुरवा, मल्हौर, अशरफ विहार कालोनी व गोमती नगर के विराट खंड में अवैध रूप से किये जा रहे निर्माण कार्यों के खिलाफ अभियान चलाया गया।

इस दौरान आरके शुक्ला, आशुतोष मदेशिया, विवेक सिंह, कल्पना, सुमन पांडेय, कैलाश चंद्र अग्रवाल, अरविंद शर्मा एवं नेहा शर्मा, कमलेश कुमार तिवारी व अन्य द्वारा किये जा रहे आठ अवैध निर्माणों को सील किया गया।

प्रवर्तन जोन-दो के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि गोसाईंगंज के दाउद नगर में प्रदीप यादव व अन्य द्वारा छह बीघा व अनिल यादव द्वारा दो बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य कराया जा रहा था। इसके अलावा बिजनौर के हिमांचल नगर में बृजेश यादव, अतुल वर्मा, नदीम खान व अन्य द्वारा लगभग दो बीघा क्षेत्रफल में प्लाटिंग करायी जा रही थी।

एलडीए से ले-आउट स्वीकृत कराए बिना की जा रही इन तीनों अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया। प्रवर्तन जोन-सात के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार ने बताया कि दुबग्गा थानाक्षेत्र के ग्राम-जेहटा, जिलहपुर मौरा व अमेठिया सलेमपुर में अभियान के दौरान दिलीप मिश्रा, मोहम्मद कमर, जितेंद्र कुमार, विजय पाल सिंह, इस्लाम, उमर अली व अन्य द्वारा 20 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 10 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement