केजीएमयू में जमीन धंसने से बाउंड्री वाल गिरी, ऑक्सीजन पाइपलाइन टूटने से कई आपरेशन टले
NOI संवाददाता, लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के ट्रॉमा सेंटर के पास बुधवार सुबह अचानक जमीन धंसने से बाउंड्री वाल ढह गई। दीवार के मलबे की चपेट में आने से वहां से गुजर रही लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई।
ऑक्सीजन की मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से पूरे भवन में अचानक ऑक्सीजन सप्लाई बंद हो गई और वार्डों में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना शताब्दी भवन फेज-1 और फेज-2 के बीच हुई। यहां करीब 250 से अधिक गंभीर मरीज भर्ती रहते हैं। ऑक्सीजन आपूर्ति बाधित होने के कारण 15 ऑपरेशन टालने पड़े। अस्पताल प्रशासन ने स्थिति संभालने के लिए तत्काल कदम उठाए।
पाइपलाइन टूटने से शताब्दी भवन के कई वार्डों में ऑक्सीजन की आपूर्ति ठप हो गई। ऑक्सीजन संकट के चलते अस्पताल में भर्ती करीब एक दर्जन मरीजों के ऑपरेशन टालने पड़े। ऑक्सीजन पर निर्भर मरीजों के लिए स्थिति गंभीर होते ही अस्पताल प्रशासन ने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था शुरू की।
वार्डों में ऑक्सीजन सिलिंडर पहुंचाए गए और मरीजों की निगरानी बढ़ा दी गई। डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ ने मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर रखी। कुछ समय के लिए अस्पताल में अफरातफरी का माहौल रहा, लेकिन सिलिंडरों से आपूर्ति शुरू होने के बाद स्थिति संभाली जा सकी।
ऑपरेशन थिएटर की व्यवस्था पर असर
लिक्विड ऑक्सीजन की पाइपलाइन टूटने का सबसे बड़ा असर ऑपरेशन थिएटर की व्यवस्था पर पड़ा। ऑक्सीजन की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित नहीं होने के कारण जिन मरीजों की सर्जरी निर्धारित थी, उनके ऑपरेशन स्थगित करने पड़े। इनमें ऐसे मरीज भी शामिल रहे, जिनकी सर्जरी पहले से निर्धारित थी।
अस्पताल प्रशासन अब टाले गए ऑपरेशन जल्द कराने की तैयारी में है। प्रवक्ता प्रो. केके सिंह ने बताया कि शनिवार को विशेष व्यवस्था के तहत ऑपरेशन थिएटर संचालित कर लंबित सर्जरी पूरी करने की तैयारी है। सामान्य तौर पर शनिवार को आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर नियमित ऑपरेशन थिएटर बंद रहते हैं, लेकिन इस स्थिति में बैकलॉग खत्म करने के लिए अतिरिक्त व्यवस्था की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से शताब्दी भवन के कई वार्डों में ऑक्सीजन की केंद्रीय आपूर्ति प्रभावित हुई। अस्पताल में भर्ती गंभीर मरीजों के लिए ऑक्सीजन जीवनरक्षक होती है, ऐसे में आपूर्ति बाधित होने के बाद तत्काल सिलिंडरों का सहारा लिया गया। मरीजों को जरूरत के अनुसार ऑक्सीजन उपलब्ध कराने के साथ ही चिकित्सकों को सतर्क किया गया।
बहाल हो गई ऑक्सीजन आपूर्ति
केजीएमयू के प्रवक्ता, प्रो. केके सिंह ने बताया कि बुधवार को क्षतिग्रस्त ऑक्सीजन पाइप के मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया गया है। ऑक्सीजन आपूर्ति बहाल हो गई है। जो ऑपरेशन बुधवार को नहीं हो पाए थे उनमें से ज्यादातर शनिवार को होंगे।
Leave A Comment
LIVE अपडेट
राज्य
Stay Connected
Get Newsletter
Subscribe to our newsletter to get latest news, popular news and exclusive updates.





0 Comments
No Comments