Kanpur Crime: पत्नी से बात करने से रोका तो मां का मुंह दबाकर तीन घूंसे मारे, हत्या के बाद मर्डर व लूट की रची कहानी
NOI संवाददाता, कानपुर। कानपुर में कलयुगी बेटे की रूह कंपा देने वाली हैवानियत सामने आई। भूखी मां को जरा सी बात पर मार डाला। सामने खाने की थाली रखी थी लेकिन गुस्से में बेटे ने उनका मुंह दबा तीन घूंसे मारकर हत्या कर दी। इसके बाद पुलिस को भटकाने के लिए लूट व हत्या की कहानी बताई।
केशवपुरम के हसनपुर में मंगलवार को महिला की हत्या और लूट के मामले में उनके बड़े बेटे ने देर रात हत्या करने की बात तो स्वीकार कर ली, लेकिन वह घर से लूटे गए जेवर बरामद नहीं करा रहा है। बयान में उसने बताया कि मां पत्नी से बात करने पर भड़कती थी। उस दिन मां ने जब पत्नी से बात करने से मना किया तो गुस्सा आ गया और उनके खाना खाने के दौरान ही मुंह-नाक दबा दिया था, लेकिन ये नहीं मालूम था कि उनकी मौत हो जाएगी।
जेवर कहां छिपाए हैं पूछने पर वह पुलिस को भटकाता रहा। हालांकि पुलिस के पास उसके तीन बार घर जाने के सीसी कैमरों के फुटेज, आरोपित व उसकी पत्नी के बयान समेत कई साक्ष्य हैं, लेकिन बिना जेवर बरामदगी उसकी गिरफ्तारी करने में पुलिस दुविधा में है।
हसनपुर निवासी बुक स्टाल संचालक शिवमंगल कुशवाहा की पत्नी उमादेवी की मंगलवार को हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद अलमारी के लाकर से करीब 25 लाख के जेवर व 20 हजार रुपये गायब मिले। उमादेवी के कान के टाप्स, चेनभी गायब थीं। बड़े बेटे अमरीश ने मां को हार्ट अटैक पड़ने की जानकारी पहले पत्नी और डाक्टर को दी।
इसके बाद पत्नी से बोला कि तुम्हारे प्रेमी ने मां की हत्या कर दी है, लेकिन किसी को कुछ बताना नहीं और बच्चों को लेकर आ जाओ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी मुंह दबाकर तीन घूंसे मारकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। पुलिस पूछताछ और कई बार बयान में पहले तो वह गुमराह करता रहा।
गुरुवार देर रात उसने बताया कि मां और पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। जब पत्नी अपने मायके चली गई तब से मां को पसंद नहीं था कि वह पत्नी से बात करे। इस पर चोरी छिपे फोन पर बात करता था। मंगलवार को घर आने पर मां ने बात करते हुए सुन लिया और भड़कने लगीं तो गुस्सा आ गया और उनका मुंह व नाक काफी देर दबाए रहा। इसके बाद लगा वह बेहोश हो गईं तो वह वहां से चला गया था, लेकिन मालूम नहीं था कि उनकी मौत हो जाएगी।
वहीं, पत्नी ने बताया कि अमरीश तंत्र-मंत्र करता था। सास को पसंद नहीं था अमरीश मुझसे बात करे। इसी बात को लेकर विवाद होता था। डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि अमरीश ने बयान में हत्या करना तो कुबूल कर लिया है। इसका वीडियो भी बना है, लेकिन ये पर्याप्त नहीं है, जबकि जेवर बरामद नहीं हो जाते हैं।
सीसी कैमरे घर के बाहर के हैं, जिसमें वह घर आते दिखा है। फोरेंसिक की प्राथमिक जांच भी उसकी तरफ इशारा कर रही, पर फिंगर प्रिंट की रिपोर्ट आने में समय लगेगी। फिलहाल पूछताछ कर जेवर बरामदगी का प्रयास किया जा रहा है।
बेबाकी से देता रहा पुलिस के जवाब, पूछा पोस्टमार्टम में हत्या का क्या समय आया
अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था डा. विपिन ताडा ने अमरीश से करीब दो घंटे तक उससे सवाल किए। इस दौरान वह बेबाकी से जवाब देता रहा। कई सवालों के बीच उससे जब पूछा कि हत्या करने की वजह क्या हो सकती है और कौन-कौन उस समय घर आ सकता है तो उसने पत्नी के प्रेमी का नाम लिया। इसके बाद उनसे पूछने लगा कि ये बताइए कि पोस्टमार्टम में हत्या करने का क्या समय आया। जब उससे कारण पूछा तो उसने कहा कि जब मैंने हत्या नहीं की तो उस समय कौन आया होगा। ये जानना चाहता है।
Leave A Comment
LIVE अपडेट
राज्य
Stay Connected
Get Newsletter
Subscribe to our newsletter to get latest news, popular news and exclusive updates.





0 Comments
No Comments