NOI संवाददाता, लखनऊ। प्रदेश में मानसून की सक्रियता एक बार फिर कमजोर पड़ने लगी है। करीब 50 जिलों में बारिश की रफ्तार धीमी पड़ने के बाद अब अधिकांश स्थानों पर छिटपुट बारिश के ही आसार हैं। हालांकि कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

वर्षा में कमी आने से दिन में उमस और गर्मी का असर बढ़ने की संभावना है। लखनऊ में रविवार को सुबह से हल्के बादल छाने के साथ धूप निकली, जिससे तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।

राजधानी में दिन का पारा 32.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पिछले दिनों प्रदेश के कई हिस्सों में हुई तेज बारिश के बाद मौसम का मिजाज बदला है।

कई जिलों में मानसूनी गतिविधियां कमजोर पड़ने लगी हैं। आने वाले दिनों में राज्य में बारिश की स्थिति एक समान नहीं रहेगी। कहीं बादल छाए रहेंगे और धूप होगी तो कुछ स्थानों पर हल्की बौछार पड़ सकती है। सोमवार को बहराइच, बलरामपुर, बिजनौर, लखीमपुर खीरी, महाराजगंज, मुरादाबाद, सिद्धार्थनगर और श्रावस्ती में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा गोंडा औरी बलरामपुर के साथ पश्चिम के करीब एक दर्जन जिलों में मध्यम से भारी बरसात हो सकती है। हालांकि, मंगलवार से पूरब से लेकर पश्चिमी जिलों में मौसम शुष्क रहने के पूर्वानुमान हैं।

रविवार को बरेली में प्रदेश में सबसे अधिक 141.3 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि बिजनौर में 134 मिमी और मुरादाबाद में 114 मिमी वर्षा हुई। ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गई, लेकिन पारा सामान्य से नीचे बना रहा।

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement