UP में चुनावी जंग फतह करने फिर उतरा 'सपा का रथ', रायबरेली से अखिलेश यादव करेंगे शंखनाद
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आज रायबरेली से समाजवादी रथ यात्रा शुरू करेंगे। यह यात्रा पार्टी संगठन को सक्रिय करने और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जमीनी स्तर पर संपर्क बढ़ाने के उद्देश्य से है।
राज्य ब्यूरो, NOI लखनऊ। समाजवादी राजनीति में रथ यात्राएं केवल जनसंपर्क का माध्यम नहीं, बल्कि संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच जुड़ाव का राजनीतिक प्रतीक भी मानी जाती हैं। विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार को समाजवादी रथ से रायबरेली में कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचेंगे। उनका यह कार्यक्रम पार्टी के संगठन को सक्रिय करने और जमीनी स्तर पर संपर्क बढ़ाने के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री सुबह 11:15 बजे लखनऊ के विक्रमादित्य मार्ग से कार से रायबरेली के लिए रवाना होंगे। दोपहर 12 बजे वह बछरावां थाना क्षेत्र के ग्राम चुरुआ पहुंचेंगे। यहीं से वह समाजवादी रथ पर सवार होंगे और रायबरेली सदर क्षेत्र के चक अहमदपुर नजूल जाएंगे। यहां विधायक राहुल लोहिया के आवास पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।
समाजवादी पार्टी की राजनीति में रथ यात्राओं का पुराना जुड़ाव रहा है। पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव और बाद में अखिलेश यादव की राजनीति में रथ यात्राएं जनता और कार्यकर्ताओं तक पहुंचने का प्रमुख माध्यम रही हैं। ऐसे में चुनाव से पहले अखिलेश का पार्टी के रथ पर सवार होना राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इसके जरिये वह कार्यकर्ताओं के बीच सक्रियता बढ़ाने और संगठन को चुनावी तैयारियों के लिए एकजुट करने का संदेश दे सकते हैं। रायबरेली से रथ यात्रा की शुरुआत को पार्टी के जमीनी संपर्क को विस्तार देने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।
कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद के साथ अखिलेश पार्टी के संगठनात्मक तंत्र को भी सक्रिय करने पर जोर दे रहे हैं। विधानसभा चुनाव से पहले रथ को फिर राजनीतिक गतिविधियों के केंद्र में लाकर सपा अपने परंपरागत संगठनात्मक प्रतीक के जरिये कार्यकर्ताओं के बीच पहुंच बनाने की कोशिश कर रही है।
Leave A Comment
LIVE अपडेट
राज्य
Stay Connected
Get Newsletter
Subscribe to our newsletter to get latest news, popular news and exclusive updates.





0 Comments
No Comments