लखनऊ में वंदे भारत एक्सप्रेस से 1.72 करोड़ का सोना जब्त, तस्कर ने पैरों में पहने नी-कैप में छिपाई थी चेन और छड़ें
राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने लखनऊ के चारबाग स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस के एक यात्री से 1.72 करोड़ रुपये से अधिक का सोना जब्त किया है।
NOI संवाददाता, लखनऊ। उत्तर रेलवे के चारबाग स्टेशन पर यात्री के पास से 1.72 करोड़ से अधिक का सोना राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सहयोग से आठ अक्टूबर को पकड़ा है।
चारबाग स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22489) से उतरे एक यात्री की जांच जब की गई तो यात्री के नी कैप से 1.202 किलोग्राम सोने के साथ गिरफ्तार किया गया है। बरामद सोने की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1,72,34,373 रुपये आंकी गई है। डीआरआई को मुखबिर से सूचना मिली थी। टीम एक दिन पहले ही अलर्ट मोड में आ गई थी।
सूत्रों के मुताबिक डीआरआई को खुफिया इनपुट मिला था कि हावड़ा से वाराणसी के रास्ते लखनऊ तक तस्करी का विदेशी सोना पहुंचाया जा रहा है। डीआरआई अधिकारियों ने रेलवे सुरक्षा बल के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क किया और स्टेशनों के प्रवेश व निकास द्वार पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी थी। इसके साथ ही सीसी कैमरों पर तैनात कर्मियों को सतर्क कर दिया गया था।
इसके अलावा ट्रेन में चल रहे एस्कोर्ट को पहले ही सूचित कर दिया गया था कि संबंधित यात्री के कोच में ही सादे कपड़े में सुरक्षा बल तैनात रहे। अगर यात्री कोच बदले या अन्य संदिग्ध गतिविधि करे तो तुरंत सूचित करे। बता दें कि आरोपी सुरक्षा एजेंसियों से बचने के लिए हावड़ा से सीधे आने वाली ट्रेन छोड़कर रास्ते में पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन/वाराणसी पर ट्रेन बदलकर लखनऊ पहुंचा था।
9 अलग-अलग मामलों में अब तक 10 लोग गिरफ्तार
तलाशी लेने पर अधिकारियों ने पाया कि आरोपी ने पैरों में पहने नी-कैप के नीचे एक विशेष जेब बना रखी थी। इसी जेब में उसने चौबीस कैरेट के तीन सोने की चेन, एक आधी छड़ और दो कटे हुए टुकड़े (कुल छह टुकड़े) छिपा रखे थे। वैध दस्तावेज न दिखा पाने पर सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत सोना जब्त कर यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच दल अब पूरे सिंडिकेट और नेटवर्क का पता लगा रहा है। हालांकि तस्कर के नाम का खुलासा नहीं किया गया है। डीआरआई के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक उत्तर प्रदेश में सोने की तस्करी के नौ अलग-अलग मामलों में 10 लोगों को गिरफ्तार कर करीब 21 करोड़ रुपये मूल्य का कुल 14.47 किलोग्राम विदेशी सोना जब्त किया जा चुका है।
Leave A Comment
LIVE अपडेट
राज्य
Stay Connected
Get Newsletter
Subscribe to our newsletter to get latest news, popular news and exclusive updates.





0 Comments
No Comments