उत्तर प्रदेश की बजट वेबसाइट को आमजन, शोधकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के लिए अधिक उपयोगी बनाया गया है।

NOI  ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश की बजट वेबसाइट https://budget.up.nic.in को आमजन, शोधकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों के लिए अधिक उपयोगी बनाया गया है। अब बजट दस्तावेजों के साथ ही वित्तीय आंकड़े, नियमावली, शासनादेश और अन्य वित्तीय जानकारियां एक ही प्लेटफार्म पर उपलब्ध होंगी।

नवीनीकृत वेबसाइट पर साफ्टवेयर एप्लिकेशन ‘चैटबाट’ की सुविधा दी गई है, जिसके जरिए लोग बजट व अन्य वित्तीय सूचनाओं से संबंधित प्रश्नों के उत्तर पा सकेंगे। इससे प्रदेश की वित्तीय व्यवस्था से संबंधित सूचनाओं तक पहुंच आसान होगी।

गुरुवार को विधान भवन के कक्ष संख्या आठ में नवीनीकृत वेबसाइट का शुभारंभ करते हुए वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि इस वेबसाइट पर राज्य सरकार के बजट के अलावा एफआरबीएम अधिनियम, आकस्मिकता निधि नियमावली, आरक्षित निधियों में उपलब्ध धनराशि और उत्तर प्रदेश कार्य नियमावली, 1975 की जानकारी दी गई है।

केंद्र सरकार से मिलने वाली धनराशि, केंद्रीय करों में राज्यांश और पंचायती राज संस्थाओं व नगरीय स्थानीय निकायों के अनुदानों का विवरण भी उपलब्ध है। वित्तीय वर्ष 2014-15 से अब तक की वित्तीय स्वीकृतियों से संबंधित शासनादेश भी वेबसाइट पर देखे जा सकेंगे।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य आर्थिक सर्वेक्षण, वित्त विभाग द्वारा प्रकाशित की जाने वाली बजट की रूपरेखा और भारत का संविधान हिंदी तथा अंग्रेजी में उपलब्ध कराया गया है।

वेबसाइट पर चालू वित्तीय वर्ष के मूल बजट और पिछले वित्तीय वर्ष के प्रमुख वित्तीय संकेतकों का तुलनात्मक विवरण, विभिन्न क्षेत्रों के बजट प्रविधानों की जानकारी तथा पिछले 10 वर्षों में वित्त मंत्रियों द्वारा दिए गए बजट भाषण भी उपलब्ध हैं। कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव वित्त दीपक कुमार, सचिव संदीप कौर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

0 Comments

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Leave a Comment

Login with your mobile number to post a comment. New here? Create your account using OTP verification.

Get Newsletter

Advertisement