चक्रवाती तूफान 'अर्णब' के असर से यूपी में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है, जिससे अधिकतम तापमान में 7.6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। लखनऊ समेत 20 से अधिक जिलों में आज भी हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जिसमें उरई सबसे ठंडा रहा।

NOI  संवाददाता, लखनऊ। UP Weather Today: चक्रवाती तूफान 'अर्णब' के असर से राजधानी सहित कई जिलों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। शुक्रवार को दिनभर हुई बारिश और ठंडी हवा के चलने से अधिकतम तापमान में 7.6 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट दर्ज की गई है। सक्रिय हुए गहरे अवदाब का सीधा असर पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है। शामली में शनिवार सुबह कोहरे ने दस्तक दी।

लखनऊ में सुबह से ही घने बादल छाए रहे और तेज हवा ने मौसम खुशनुमा कर दिया। मौसम विभाग ने शनिवार को भी लखनऊ समेत 20 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम बरसात की चेतावनी जारी की है।

उरई सबसे ठंडा

मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को लखनऊ में 0.9 मिमी और पूरे प्रदेश में औसतन 7.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी और पूर्वी यूपी के जिलों में सबसे ज्यादा असर रहा। हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने से अधिकतम तापमान में सामान्य से काफी गिरावट हुई है। शनिवार को भी यही स्थिति रहने के पूर्वानुमान हैं।

राजधानी लखनऊ में 0.9 मिमी बारिश

लखनऊ में अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 16.2 डिग्री सेल्सियस के साथ उरई प्रदेश में सबसे ठंडा जिला रहा, जबकि हरदोई में न्यूनतम पारा 17 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
हालांकि, रविवार से चक्रवात का असर खत्म होने लगेगा। सोमवार से तेज धूप निकलने के आसार हैं।

अक्टूबर में इतनी हुई बारिश

एक से 30 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में औसतन 22.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो इस अवधि की सामान्य औसत वर्षा (28.2 मिमी) से लगभग 19% कम है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक से 30 अक्टूबर के दौरान कुल 27 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 30% अधिक है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में इस दौरान 20 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 40% कम है।


0 Comments

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Leave a Comment

Login with your mobile number to post a comment. New here? Create your account using OTP verification.

Get Newsletter

Advertisement