'उत्सव के उल्लास को उपद्रव में बदलने की साजिश नहीं की जाएगी बर्दाश्त', सीएम योगी ने दी सख्त चेतावनी
सीएम योगी ने त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। कहा कि उत्सव के उल्लास को उपद्रव में बदलने की साजिश कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
NOI ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्सव के उल्लास को उपद्रव में बदलने की साजिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दीपावली, देव दीपावली, छठ व अन्य आगामी पर्व व त्योहार उल्लास और सामाजिक सौहार्द के प्रतीक हैं।
इन अवसरों पर प्रदेश में सुरक्षा, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था चाक-चौबंद की जाए। उन्होंने त्योहारों के मद्देनजर 24 घंटे बिजली की आपूर्ति करने और कानून व्यवस्था से जुड़े शासन से लेकर तहसील व थाना स्तर तक के सभी अधिकारियों व कर्मियों के अवकाश निरस्त करने के निर्देश दिए हैं।
मंगलवार को उन्होंने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की कानून-व्यवस्था और आगामी त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कहा कि अराजक व असामाजिक तत्वों के विरुद्ध ''जीरो टालरेंस'' नीति के तहत कठोरतम कार्रवाई की जाए।
उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर 24 घंटे पैनी नजर रखने और अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने वालों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। अयोध्या में सात नवंबर को आयोजित होने वाले दीपोत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए रूट डायवर्जन का प्लान पहले से तैयार कर लोगों के बीच प्रसारित करने के निर्देश भी दिए हैं।
साथ ही कहा है कि प्रमुख मंदिरों और संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर चौबीसों घंटे पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। धनतेरस और दीपावली को लेकर मुख्य बाजारों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास 24 घंटे पुलिस निगरानी, सघन पैदल गश्त और सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता के उन्होंने निर्देश दिए हैं।
खुले स्थानों पर ही पटाखों की बिक्री को अनुमति
मुख्यमंत्री ने अग्निसुरक्षा के मद्देनजर पटाखों की बिक्री में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। कहा है कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि खुले स्थानों पर ही पटाखों की दुकानें खोली जाएं और अस्थायी गोदाम घनी आबादी से दूर बनाए जाएं। उन्होंने इसके लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) और लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
चलाया जाएगा विशेष सफाई अभियान
मुख्यमंत्री ने नगर विकास और पंचायती राज विभागों को मलिन बस्तियों से लेकर पाश कालोनियों तक सफाई व प्रकाश व्यवस्था का विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग को अतिरिक्त बसों के संचालन का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि निजी बस संचालकों द्वारा मनमाना किराया वसूलने की शिकायतों पर तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
खाद की कालाबाजारी पर 10 से ज्यादा जिलों के डीएम को फटकारा
मुख्यमंत्री ने यूरिया और डीएपी खाद की उपलब्धता व वितरण में अनियमितताओं को लेकर कई जिलों के डीएम के प्रति नाराजगी जताई। गाजीपुर, बलिया, बहराइच, बिजनौर, अंबेडकरनगर, सुलतानपुर और लखीमपुर खीरी समेत कई जिलों में खाद की उपलब्धता और किसानों को हो रही परेशानी को लेकर अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए हैं।
कहा कि खाद का कृत्रिम संकट पैदा करने, जमाखोरी करने अथवा निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री करने वालों के विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए।
घटतौली के मामलों में उन्होंने कड़ी से कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सेवानिवृत्त पेंशनरों के चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों के लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण करने के भी निर्देश दिए। आउटसोर्स कार्मिकों व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय त्योहार से पूर्व दिए जाने के लिए भी कहा है।
Leave a Comment
Login with your mobile number to post a comment. New here? Create your account using OTP verification.
Login to Your Account
OTP verification is required for login and registration.
LIVE अपडेट
राज्य
Stay Connected
Get Newsletter
Subscribe to our newsletter to get latest news, popular news and exclusive updates.






0 Comments
No comments yet. Be the first to share your thoughts!