कानपुर, NOI :  रेलबाजार थाना क्षेत्र में एमएससी छात्रा की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। रात में युवती के सीओडी पुल के नीचे पड़ा होने की जानकारी हुई। आनन-फानन में स्वजन वहां पहुंचे और उसे कांशीराम संयुक्त चिकित्सालय ले गए। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्वजन ने छात्रा के सहपाठी पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

मूलरूप से आजमगढ़ के जहानागंज निवासी सुरदर्शन यादव ट्रांसपोर्ट नगर में पल्लेदारी करते हैं। परिवार में उनकी पत्नी चंद्रकांती यादव, 19 वर्षीय एमएससी प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही बेटी अंशिका यादव और बेटे आर्यन व उमाकांत हैं। सुदर्शन यादव ने बताया कि बेटी सुबह 11 बजे लैपटाप लेने के लिए फार्म भरने की बात कहकर डीएवी कालेज गई थी। कालेज से लौटकर दो घरों में ट्यूशन पढ़ाने के बाद शाम सात बजे घर आती थी। शाम को घर न लौटने पर स्वजन ने फोन करना शुरू किया तो फोन नहीं उठा। रात करीब 8:45 बजे किसी ने फोन उठाकर बेटी के सीओडी पुल के नीचे पड़ा होने की जानकारी दी। जिस पर स्वजन मौके पर पहुंचे और उसे कांशीराम अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नाक और गले में निशान होने से स्वजन ने जहरीला पदार्थ खिलाने के बाद गला घोंटकर हत्या करने का सहपाठी पर आरोप लगाया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement