NOI संवाददाता, कानपुर। कैंट स्थित गर्ग एविएशन फ्लाइंग क्लब में नाइट फ्लाइंग ट्रेनिंग के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई। पायलट प्रशिक्षण ले रही गुरुग्राम की युवती ट्रेनी विमान का इंजन बंद होने से पहले ही उतरने लगी।

इसके चलते वह प्रोपेलर (पंखे) की चपेट में आकर घायल हो गई। युवती को सर्वोदय नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना शुक्रवार रात की है। डाइरेक्ट्रेट जनरल आफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) की लखनऊ और दिल्ली की टीम ने रविवार को ट्रेनिंग एकेडमी पहुंचकर जांच की।

सोमवार को भी जांच जारी रहेगी। फिलहाल, रिपोर्ट आने तक प्रशिक्षण दे रहे इंस्ट्रक्टर को फ्लाइट ड्यूटी से हटा दिया गया है। जिस विमान से हादसा हुआ है, जांच पूरी तरह तक उसके भी इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई है।

कैंट स्थित गर्ग एविएशन पायलट ट्रेनिंग एकेडमी है। वर्ष 1995 से संचालित इस संस्थान में विमान उड़ाने की ट्रेनिंग दी जाती है। इस समय एकेडमी में 130 युवक-युवतियां पायटल का प्रशिक्षण ले रही हैं।

गुरुग्राम की रिया बत्रा एक साल से प्रशिक्षण ले रही हैं। इससे पहले उन्होंने कुछ समय अमृतसर में प्रशिक्षण लिया था। एक इंजन के विमान का प्रशिक्षण वह पूरा कर चुकी थीं। अब दो इंजन का विमान उड़ाने का 15 घंटे का प्रशिक्षण ले रही थीं। तीन घंटे उड़ान का प्रशिक्षण वह पूरा भी कर चुकी हैं।

इस बीच, शुक्रवार रात 8:40 बजे इंस्ट्रक्टर के साथ उन्होंने दो इंजन के विमान को लैंड कराया लेकिन इंजन पूरी तरह बंद होने से पहले ही वह उतरने लगीं। इससे वह विमान के प्रोपेलर (पंखे) की चपेट में आ गईं। उनकी पीठ और कमर में चोट आई है। उन्हें सर्वोदय नगर स्थित रीजेंसी अस्पताल में ले जाया गया, जहां टांके लगाए गए। फिलहाल, उनकी हालत में सुधार है।

शुक्रवार रात नौ बजे के करीब महिला प्रशिक्षु नाइट फ्लाइंग की ट्रेनिंग के दौरान ट्विन विमान की सुरक्षित लैंडिंग होने के बाद प्रोपेलर (पंखे) बंद होने से पहले उतर गई। पायलट ने युवती को रोका भी लेकिन जल्दबाजी में उतरने की वजह से वह चपेट में आ गईं। डीजीसीए जांच कर रहा है। जांच रिपोर्ट आने तक स्ट्रक्टर को फ्लाइट ड्यूटी से हटा दिया गया है।
-राजीव भल्ला, सेफ्टी मैनेजर, गर्ग एविएशन फ्लाइंग क्लब

यह होती है नाइट फ्लाइंग ट्रेनिंग

नाइट इंस्ट्रक्शनल फ्लाइंग को नाइट फ्लाइंग ट्रेनिंग भी कहा जाता है। यह पायलट प्रशिक्षण का एक अनिवार्य हिस्सा है। इसमें एक अनुभवी प्रशिक्षक की देखरेख में प्रशिक्षु पायलट को अंधेरे में विमान उड़ाने का प्रशिक्षण दिया जाता है।

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement