NOI संवाददाता, कानपुर। बिठूर थानाक्षेत्र में दोस्त के साथ खेरेश्वर मंदिर शिवराजपुर से दर्शन कर लौट रहे बाइक सवार इंजीनियर को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने ओवरटेक के दौरान टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पुलिस ने स्वजन को सूचना देकर उसे रामा अस्पताल में भर्ती कराया जहां युवक की मौत हो गई जबकि उसके साथी की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद आरोपित बाइक सवार मौके से फरार हो गया।

पनकी के अहिल्याबाइ होल्कर नगर निवासी हरपाल सिंह सेंगर का 26 वर्षीय इकलौता बेटा मोहित उर्फ शैलेंद्र सिंह बीटेक करने के बाद पैथालाजी उपकरणों की आडिट का काम करता था। परिवार में मां श्यामा और दो बहनें मधु और खुशबू हैं।

स्वजन ने बताया कि सोमवार तड़के वह क्षेत्र में रहने वाले अपने साथी अभिनय के साथ बाइक से शिवराजपुर के खेरेश्वर मंदिर में दर्शन करने गया था। मंदिर दर्शन करने के बाद वह बाइक से घर लौट रहा था।

तभी रामा कालेज के सामने एलीवेटेड हाईवे पर पीछे से आ रहे बाइक सवार युवक ने ओवरटेक के चक्कर में उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे संतुलन बिगड़ने से वह बाइक सवार करीब 50 मीटर तक घिसटता चला गया और डिवाइडर से टकरा गया। हेलमेट लगा होने के बावजूद मोहित के सिर में गंभीर चोटें आई।
हादसे में मोहित और उसका दोस्त अभिनय गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने स्वजन को सूचना देकर दोनों को रामा अस्पताल में भर्ती कराया जहां डाक्टरों ने मोहित को मृत घोषित कर दिया। बिठूर थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया कि स्वजन की तहरीर पर रिपोर्ट दर्जकर आसपास के सीसी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement