इन्वेस्ट यूपी दिसंबर में होने वाली पांचवीं ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (GBC-5) की तैयारियों में तेजी ला रहा है, जिसका लक्ष्य 7.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश को धरातल पर उतारना है। 

NOI  ब्यूरो, लखनऊ। इन्वेस्ट यूपी ने दिसंबर में ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी)-5 के आयोजन की तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए पांचवी जीबीसी के आयोजन को लेकर पैवेलियन एंड इंटीरियर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का चयन कर लिया गया है।

कंपनी को वृंदावन कालोनी स्थित डिफेंस एक्सपो के मैदान को जीबीसी के लिए तैयार करने का काम सौंपा गया है। हालांकि अभी तक जीबीसी की तिथि निर्धारित नहीं की गई है, लेकिन शासन ने इन्वेस्ट यूपी को जीबीसी के आयोजन की सारी पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

जीबीसी का आयोजन पहले फरवरी में कराने की तैयारी की गई थी। पांच लाख करोड़ रुपये के निवेश को धरातल पर उतारने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, लेकिन प्रधानमंत्री कार्यालय से समय न मिल पाने के कारण जीबीसी का आयोजन टाल दिया गया था। उसके बाद से लगातार जीबीसी का आयोजन टलता आ रहा है।

अब सरकार ने इन्वेस्ट यूपी को जीबीसी के माध्यम से 7.5 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं को धरातल पर उतारने का लक्ष्य दिया है। इसके लिए इन्वेस्ट यूपी ने उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) को सर्वाधिक 70 हजार करोड़ रुपये व उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा अभिकरण को 60 हजार करोड़ रुपये का लक्ष्य दिया है।

इसके अलावा आइटी एवं इलेक्ट्रानिक्स विभाग और आवास विकास को 50-50 हजार करोड़, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) व पर्यटन विभाग को 25-25 हजार रुपये के निवेश का लक्ष्य दिया गया है। साथ ही गाजियाबाद, लखनऊ, सोनभद्र, कानपुर शहर व मीरजापुर को 20-20 हजार करोड़ रुपये की निवेश परियोजनाओं के भूमि पूजन का लक्ष्य दिया गया है।

फिलहाल इन्वेस्ट यूपी की कोशिश है कि 7.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का जीबीसी में भूमि पूजन किया जाए। इसके लिए इन्वेस्ट यूपी ने सभी जिलाधिकारियों से दो दिन के भीतर संबंधित जिलों में जीबीसी रेडी परियोजनाओं की जानकारी मांगी है। इन्वेस्ट यूपी ने 7.5 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं को तैयार कर लिया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।

0 Comments

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Leave a Comment

Login with your mobile number to post a comment. New here? Create your account using OTP verification.

Get Newsletter

Advertisement