वोटर लिस्ट में आपका नाम है या नहीं? कल अपने बूथ पर जाकर करें जांच, गलती सुधारने का भी मिलेगा मौका
उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची में नाम जांचने, त्रुटियां सुधारने और नए पंजीकरण के लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलेगा।
NOI ब्यूरो, लखनऊ। आपका नाम मतदाता सूची में दर्ज है या नहीं, नाम और पते में कोई गलती तो नहीं है? इसकी जांच करने का मौका शनिवार को मिलेगा। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के तहत प्रदेशभर के सभी मतदान केंद्रों पर पहला विशेष अभियान शनिवार 21 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) ड्राफ्ट मतदाता सूची और पर्याप्त संख्या में विभिन्न फार्मों के साथ मौजूद रहेंगे।
मतदाता बूथ पर पहुंचकर सूची में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम देख सकेंगे। नाम नहीं होने पर पंजीकरण और विवरण में गलती होने पर संशोधन के लिए आवेदन भी कर सकेंगे।
भारत निर्वाचन आयोग ने एसएसआर के तहत प्रदेश के सभी बूथों पर चार दिन विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। पहला अभियान शनिवार और दूसरा 22 नवंबर रविवार को होगा। इसके बाद 28 और 29 नवंबर को भी विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन विशेष दिनों में बीएलओ अपने-अपने बूथ पर उपस्थित रहकर मतदाताओं को सूची से जुड़ी जानकारी देंगे और आवेदन की प्रक्रिया में मदद करेंगे।
विशेष अभियान के दौरान ऐसे युवा भी मतदाता बनने के लिए आवेदन कर सकेंगे, जिन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है या एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले हैं। इसके अलावा किसी कारणवश मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं करा सके पात्र नागरिक भी पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए बूथों पर फार्म उपलब्ध रहेंगे।
मतदाता सूची में नाम, उम्र, पता या अन्य विवरण में कोई त्रुटि है तो उसे ठीक कराने के लिए भी विशेष अभियान का लाभ उठाया जा सकेगा। एक स्थान से दूसरे स्थान पर रहने चले गए मतदाता अपने पते में बदलाव के लिए आवेदन कर सकेंगे। वहीं, मृत या स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने के लिए भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन किया जा सकेगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मतदाताओं से अपील की है कि वे विशेष अभियान के दौरान अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना और परिवार के सभी सदस्यों का नाम जरूर जांच लें। इससे चुनाव के समय मतदान के अधिकार से वंचित होने की आशंका को समय रहते दूर किया जा सकेगा।
शादी के बाद मायके की वोटर लिस्ट में नाम तो ससुराल में कराएं ट्रांसफर
शादी के बाद बेटियां अपना वोट डालने के अधिकार से वंचित न रहें, इसके लिए उन्हें मतदाता सूची में अपना पता भी बदलवा लेना चाहिए। जो बेटियां शादी के बाद ससुराल चली गई हैं और वहां सामान्य रूप से रहने लगी हैं, उन्हें अपने मतदाता पंजीकरण का स्थान ससुराल के पते पर स्थानांतरित कराना चाहिए। इसके लिए उन्हें फार्म-8 भरकर पता बदलवाना होगा। इसके लिए उन्हें कोई एक प्रमाणपत्र देना होगा। इसके अलावा यदि मायके की सूची से नाम कट चुका है तो ससुराल के पते पर नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6 भरना होगा।
ऐसे पता करें अपना मतदान केंद्र व बूथ
मतदाता घर बैठे मोबाइल से अपना मतदान केंद्र और बूथ संख्या पता कर सकते हैं। इसके लिए निर्वाचन आयोग ने आनलाइन सुविधा उपलब्ध कराई है। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट (https://voters.eci.gov.in) खोलें। ''''सर्च योर नेम इन वोटर लिस्ट'''' विकल्प पर क्लिक करें। वोटर आइडी नंबर डालकर उत्तर प्रदेश का चयन करें। कैप्चा भरकर सर्च करें। स्क्रीन पर विधानसभा क्षेत्र, मतदान केंद्र का नाम और बूथ संख्या की जानकारी मिल जाएगी।
एपिक नंबर नहीं है तो नाम, पिता या पति का नाम, उम्र और जिले की जानकारी भरकर भी खोज सकते हैं। मोबाइल पर वोटर हेल्पलाइन एप के जरिए भी मतदान केंद्र की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इसके अलावा वोटर हेल्पलाइन नंबर 1950 पर फोन करके भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
Leave a Comment
Login with your mobile number to post a comment. New here? Create your account using OTP verification.
Login to Your Account
OTP verification is required for login and registration.
LIVE अपडेट
राज्य
Stay Connected
Get Newsletter
Subscribe to our newsletter to get latest news, popular news and exclusive updates.






0 Comments
No comments yet. Be the first to share your thoughts!