कानपुर में एक 'लुटेरी दुल्हन' का मामला सामने आया है, जहां महिला ने अपनी पिछली दो शादियां छिपाकर तीसरी शादी की।  

NOI  संवाददाता, कानपुर। शादी के नाम पर धोखाधड़ी, फिर विरोध करने पर मारपीट और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर लाखों रुपये की मांग।बर्रा में लुटेरी दुल्हन गैंग का ऐसा ही मामला सामने आया है। आरोप है कि दो शादियां कर चुकी महिला ने अपनी पुरानी जिंदगी का राज छिपाकर सर्वेयर से तीसरी बार शादी रचाई। इसके बाद घर से करीब 15 लाख रुपये के जेवरात और एक लाख रुपये लेकर मायके चली गई।

पत्नी की हरकत पर शक होने पर छानबीन की तो पहले से दो शादियां करने की हकीकत सामने आ गई, जिसका विरोध करने पर आरोपितों ने पीड़ित के साथ मारपीट की। साथ ही झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे 20 लाख रुपये की मांग की।

बर्रा के विश्वबैंक कालोनी निवासी विशाल विश्वकर्मा आटो सर्वेयर हैं। उनकी शादी 18 मई 2025 को जूही लाल कालोनी निवासी प्रगति विश्वकर्मा से गोविंद नगर के करन बैंक्वेट हाल में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। विशाल का आरोप है कि 18 जून 2026 को प्रगति घर से करीब 15 लाख रुपये के जेवरात और एक लाख रुपये लेकर मायके चली गई। पत्नी के घर छोड़कर जाने पर उसके बारे में जानकारी जुटाई तो चौंकाने वाली हकीकत सामने आई।

पता चला कि प्रगति इससे पहले भी दो शादियां कर चुकी है। विशाल के मुताबिक, 13 अगस्त 2026 को वह छोटे भाई के साथ प्रगति के पिता अशोक कुमार विश्वकर्मा के घर पहुंचा। उसने पहले से की शादियों की बात छिपाने पर जवाब मांगा। आरोप है कि इस पर परिवार के अन्य सदस्य भी जुट गए और उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि प्रगति की मां सोमवती ने मामला दबाने के नाम पर 20 लाख रुपये मांगे। रकम नहीं देने पर झूठे मुकदमे में फंसाकर जिंदगी बर्बाद करने की धमकी दी। इस पर पुलिस से शिकायत दर्ज कराई।

बर्रा थानाप्रभारी क्षितिज कुमार सिंह ने बताया कि जांच के आधार पर प्रगति, उसके पिता अशोक कुमार, मां सोमवती समेत शरद सैनी, कोमल, ललिता शर्मा, सीमा और गोमती विश्वकर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी व वसूली समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

एक साल में कर लीं दो शादियां

विशाल के मुताबिक, प्रगति की पहली शादी 20 मार्च 2017 को जूही के बारादेवी निवासी सोनू विश्वकर्मा से बेनाझाबर स्थित आर्य समाज मंदिर में हुई थी। इसके बाद दूसरी शादी 23 जून 2017 को इटावा निवासी सुमित बाथम से रावतपुर गांव स्थित आर्य समाज मंदिर में हुई। दोनों शादियों के पंजीकरण होने का भी दावा किया है।


0 Comments

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Leave a Comment

Login with your mobile number to post a comment. New here? Create your account using OTP verification.

Get Newsletter

Advertisement