यूपीसीडा के नए सीईओ रवि कुमार एन.जी. ने कानपुर में पहली समीक्षा बैठक की, जिसमें औद्योगिक विकास और निवेश को गति देने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के तहत प्राधिकरण ने पारदर्शिता, समयबद्ध सेवाओं और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की कार्ययोजना बनाई है।

NOI  डेस्‍क, कानपुर/लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को देश के अग्रणी औद्योगिक एवं निवेश केंद्र के रूप में स्थापित करने की मुहिम को और गति देने के लिए यूपीसीडा ने अपनी कार्ययोजना को नई धार देने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) के नवनियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एन.जी. ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद शुक्रवार को कानपुर स्थित प्राधिकरण मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पहली समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट किया कि औद्योगिक विकास, निवेशकों का भरोसा, पारदर्शी कार्यप्रणाली और समयबद्ध सेवाएं प्राधिकरण की सर्वोच्च प्राथमिकता होंगी।

बैठक में मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश औद्योगिक निवेश और विकास के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के मुख्यमंत्री के संकल्प को साकार करने में यूपीसीडा की अहम भूमिका है। इसके लिए नए औद्योगिक क्षेत्रों एवं औद्योगिक पार्कों का विकास, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय निवेश आकर्षित करना और उद्यमियों को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है।

उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क, विद्युत, पेयजल, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने के निर्देश दिए। कहा कि औद्योगिक अवस्थापना से जुड़े विकास एवं अनुरक्षण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं, ताकि प्रदेश में उद्योगों के लिए बेहतर और अनुकूल वातावरण तैयार हो सके।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकसित हो रहे नए औद्योगिक अवसरों को देखते हुए उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर, रक्षा एवं एयरोस्पेस, इलेक्ट्रिक वाहन, खाद्य प्रसंस्करण और लॉजिस्टिक्स जैसे उभरते क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही भूमि आवंटन, भवन मानचित्र स्वीकृति, पट्टा विलेख निष्पादन सहित विभिन्न विभागीय सेवाओं को अधिक सुगम बनाने के लिए डिजिटल एवं सिंगल विंडो प्रणाली को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि निवेशकों की समस्याओं और लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए प्रत्येक स्तर पर अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। यूपीसीडा की कार्यप्रणाली को अधिक तकनीक आधारित, पारदर्शी, उत्तरदायी और परिणामोन्मुख बनाया जाएगा, ताकि उद्यमियों को उद्योग स्थापना से लेकर संचालन और विस्तार तक हर स्तर पर बेहतर सहयोग मिल सके।

मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना, बेहतर समन्वय और पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के औद्योगिक विकास के विजन के अनुरूप यूपीसीडा के सामूहिक प्रयास प्रदेश में निवेश आकर्षित करने, औद्योगिक अवस्थापना को मजबूत बनाने और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।


0 Comments

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Leave a Comment

Login with your mobile number to post a comment. New here? Create your account using OTP verification.

Get Newsletter

Advertisement