सपा-कांग्रेस गठबंधन पर CM योगी का तंज: बोले- 'दो लड़कों की जोड़ी' चुनाव से पहले ही हुई फेल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा-कांग्रेस गठबंधन पर तीखा हमला बोला है, कहा कि 'दो लड़कों की जोड़ी' चुनाव से पहले ही विफल हो चुकी है। उन्होंने सीट बंटवारे पर चल रही खींचतान और प्रत्याशियों की घोषणा को अपमानजनक बताया।
NOI ब्यूरो, लखनऊ। सपा और कांग्रेस में सीट बंटवारे पर चल रही खींचतान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीखा हमला बोला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले दो लड़कों की जोड़ी चुनाव परिणाम आने के बाद विफल होती थी, लेकिन इस बार चुनाव से पहले ही विफल हो चुकी है। दोनों दलों के बीच एक तरफ सीटों के बंटवारे को लेकर बैठकें हो रही हैं और दूसरी तरफ प्रत्याशी घोषित किए जा रहे हैं।
इससे बड़ा अपमान क्या होगा? उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस के बीच एक-दूसरे को शह और मात देने की राजनीति चल रही है। देश के सबसे पुराने राजनीतिक दल कांग्रेस की यह स्थिति, उसकी नकारात्मक सोच का परिणाम है।
बुधवार को लखनऊ में एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सपा-कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर जारी खींचतान पर उन्होंने कहा कि गठबंधन के भी अपने धर्म, नियम, मान्यताएं और शिष्टाचार होते हैं। इसके बावजूद दोनों दलों के बीच जिस तरह की स्थिति दिखाई दे रही है, उससे उनके तालमेल की वास्तविकता सामने आ रही है। कटाक्ष किया कि एक तरफ अपमानित हो रहे हैं और दूसरी तरफ उसी स्थिति को सामान्य बताने की कोशिश कर रहे हैं।
सभी सहयोगी दल गठबंधन का हिस्सा
एनडीए में सीटों के बंटवारे और सहयोगी दलों के बीच मतभेदों की अटकलों को खारिज करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि निषाद पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी समेत सभी सहयोगी दल गठबंधन का हिस्सा हैं। सभी मिलकर चुनाव लड़ेंगे।
भाजपा में विधायकों के टिकट कटने के सवाल पर कहा कि चुनाव समिति की संस्तुति के बाद संसदीय बोर्ड निर्णय लेता है। भाजपा की राजनीति जोड़ने की है, काटने की नहीं। मुख्यमंत्री चेहरे के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा के लिए कमल का फूल ही सब कुछ है और वे भी इसी चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ेंगे।
अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर दोहराया कि रामलला के दर्शन करना अच्छी बात है, लेकिन सपा प्रमुख को रामभक्तों से माफी भी मांगनी चाहिए। उन्हें 90 के दशक की अपनी पार्टी की गलती स्वीकार करनी चाहिए। यदि तब सद्बुद्धि आ गई होती तो रामभक्तों पर गोली चलाने की नौबत नहीं आती। सपा के सनातन पर मुखर होने के सवाल पर कहा कि दो नावों की सवारी हमेशा खतरनाक होती है।
राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्हें ऐसा राकेट बताया, जिसे लांच करने की कोशिश होती है, लेकिन वह हर बार विफल रहता है।अखिलेश की घुसपैठियों संबंधी टिप्पणी पर पलटवार करते हुए कहा कि वास्तविक घुसपैठिए सपा को अपने सगे-संबंधी नजर आते हैं।
सवाल किया कि क्या उत्तराखंड के पानी और जवानों को भी घुसपैठिया कहा जाएगा? अखिलेश से व्यक्तिगत लड़ाई के सवाल पर बोले कि कोई व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है। संन्यासी का दायित्व केवल मठ या गुफा में बैठना नहीं, बल्कि देश और समाज के सामने चुनौती आने पर उसके मुकाबले के लिए खड़ा होना भी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में परिवारवाद की राजनीति का दौर समाप्त हो चुका है। एक दशक पहले प्रदेश की पहचान गुंडागर्दी और अराजकता से होती थी। व्यापारी भयभीत थे और निवेशक यहां आने से कतराते थे। आज वही उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन रहा है। उन्होंने बुलडोजर को प्रदेश की ताकत बताते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2018 से लगातार सरकारी नियुक्तियों की प्रक्रिया चल रही है। अब तक करीब पौने दस लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं।
26 जनवरी तक यह संख्या साढ़े दस लाख तक पहुंचाने का लक्ष्य है। भाजपा की राजनीति तुष्टिकरण की नहीं, बल्कि सबका संतुष्टिकरण की है और उसका वोट बैंक हर राष्ट्रवादी नागरिक है।
Leave a Comment
Login with your mobile number to post a comment. New here? Create your account using OTP verification.
Login to Your Account
OTP verification is required for login and registration.
LIVE अपडेट
राज्य
Stay Connected
Get Newsletter
Subscribe to our newsletter to get latest news, popular news and exclusive updates.






0 Comments
No comments yet. Be the first to share your thoughts!