दैनिक जागरण संवादी में अभिनेता पीयूष मिश्रा, बोले- सच बोलने से मत डरिए और आपत्ति करना मत छोड़िए
Lucknow Jagran Samvadi 2026: सलमान खान से जुड़े पुराने विवाद के सवाल पर पीयूष ने कहा, 'मुझे उस प्रसंग को लेकर कोई पछतावा नहीं है।
NOI, लखनऊ। जिंदगी में सबको खुश रखने की कोशिश में अपनी आवाज मत खोइए। आप तो सच बोलिए, अपनी बात पर कायम रहिए और किसी की बात से असहमति हो तो आपत्ति जताने से पीछे मत हटिए, लेकिन किसी के साथ बदतमीजी मत कीजिए।
दैनिक जागरण की ओर से लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में आयोजित संवादी के पहले सत्र में शुक्रवार को अभिनेता, लेखक और गीतकार पीयूष मिश्रा ने 'साहित्य सिनेमा में कलाकार की औकात' में युवाओं को यह संदेश दिया। अपनी औकात पर भी बात की और अपने जीवन के अनुभवों, अभिनय के सफर, रिश्तों में आई तल्खियों, वैचारिक बदलाव व आध्यात्मिक यात्रा पर भी खुलकर बातें कीं।
सत्र संचालक मनोज राजन त्रिपाठी से संवाद के दौरान पीयूष ने अपने जीवन के कई प्रसंगों के माध्यम से समझाया- 'असहमति और नाराजगी से बचने की कोशिश में व्यक्ति अपनी मौलिकता खो सकता है।' अपने वामपंथी विचारों से आध्यात्मिकता की ओर बढ़ने के अनुभव भी साझा किए- 'वामपंथ ने मुझे समय की पाबंदी, पढ़ाई और काम करने का अनुशासन सिखाया।
राजयोग पुस्तक और विपश्यना से मिली नई दिशा
उन्होंने कहा कि कार्ल मार्क्स के विचारों से प्रेरणा मिली, लेकिन किसी भी विचारधारा को अंतिम सत्य नहीं माना जा सकता। स्वामी विवेकानंद की राजयोग पुस्तक और विपश्यना से मुझे नई दिशा मिली। अब मैं प्रतिदिन आठ घंटे तक ध्यान करता हूं। इससे कार्यक्षमता में भी वृद्धि हुई है।'
स्वामी विवेकानंद, भगत सिंह और अरविंद घोष को पढ़ने की सलाह
युवाओं को सलाह देते हुए कहा, 'आपको दस दिन का विपश्यना कोर्स जरूर करना चाहिए। साथ ही स्वामी विवेकानंद, भगत सिंह और अरविंद घोष को पढ़ना चाहिए।' बातों ही बातों में मिश्रा बचपन की यादों में खो गए। बोले- 'मैंने आठवीं कक्षा में ही अभिनय की बारीकियों को जानने का लक्ष्य बना लिया था। आज भी अभिनय, लेखन और कविता में लगातार कुछ नया रचने की कोशिश करता हूं।'
सलमान खान से विवाद पर पछतावा नहीं
सलमान खान से जुड़े पुराने विवाद के सवाल पर पीयूष ने कहा, 'मुझे उस प्रसंग को लेकर कोई पछतावा नहीं है। छह-सात साल पहले की एक छोटी-सी घटना को प्रेस ने काफी बढ़ा-चढ़ाकर प्रस्तुत किया था, जिस पर मैंने प्रतिक्रिया दी थी। इसके बाद मैंने बहुत काम किया और जीवन में आगे बढ़ता रहा।' उन्होंने कहा, 'आई डू नाट रिग्रेट। आई डू नाट रिग्रेट एट आल (मुझे कोई पछतावा नहीं है। मुझे बिल्कुल भी पछतावा नहीं है।) जिन बातों के लिए मुझे पछतावा हुआ, उनके लिए मैंने माफी मांगी है। कई बार लोगों के पैरों में पड़कर माफी मांगी। इससे मन हल्का हुआ। किसी सम्मानित व्यक्ति या कलाकार के साथ गलत व्यवहार हो जाए तो उससे माफी मांग लेनी चाहिए। इससे व्यक्ति अपने भीतर के बोझ से मुक्त होता है।' पीयूष ने नसीरुद्दीन शाह के साथ अपने संबंधों पर भी खुलकर बात की। कहा, 'कुछ मुद्दों पर उनकी बात से असहमति थी, इसलिए आपत्ति जाहिर की। शाह मेरे गुरु हैं और उनके प्रति सम्मान हमेशा बना रहेगा। हम दोनों के बीच में कोई और नहीं आ सकता।'
इंदिरा नहीं मोदी को चुना, योगी पर बोले राजनीति में मत फंसाइए
मनोज राजन त्रिपाठी ने पूछा- इंदिरा गांधी या नरेंद्र मोदी, किसे चुनेंगे। पीयूष मिश्रा ने कहा कि इंदिरा गांधी के टाइम में मैं जवान था। मैंने द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद के हालात, रोटी-कपड़ा-मकान की किल्लत और बेरोजगारी का दौर देखा है। उस समय की परिस्थितियों को याद करेंगे तो नरेन्द्र मोदी को चुनेंगे। मोदी और योगी आदित्यनाथ में से किसी एक को चुनने के सवाल पर हंसते हुए कहा, 'अरे यार, काम खराब हो गया। ये तो मैंने गलत बार्डर चुन लिया।
आरंभ है प्रचंड...' गाते हुए सत्र से विदा
इसके बाद सवाल को टालते हुए बोले- 'अब राजनीति के चक्कर में मत फंसाइए।' इससे पहले जवाहरलाल नेहरू के संदर्भ में सवाल पूछे जाने पर कहा, 'इस साल मन में कुछ और ही विचार आया है। अब मैं राजनीति से दूर होकर अपने आध्यात्मिक अनुभवों पर ध्यान दे रहा हूं।' मिश्रा ने श्रोताओं की अपेक्षा पर अपने कई गीत गुनगुनाए। अपनी लोकप्रिय रचना- 'आरंभ है प्रचंड...' गाते हुए सत्र से विदा ली।
Leave a Comment
Login with your mobile number to post a comment. New here? Create your account using OTP verification.
Login to Your Account
OTP verification is required for login and registration.
LIVE अपडेट
राज्य
Stay Connected
Get Newsletter
Subscribe to our newsletter to get latest news, popular news and exclusive updates.






0 Comments
No comments yet. Be the first to share your thoughts!