NOI संवाददाता, कानपुर। लखनऊ जाने वाले रास्ते पर जाजमऊ में नए गंगा पुल पर मरम्मत कार्य 26 जून से शुरू होने जा रहा है। पुल की संरचनात्मक मजबूती के लिए तीन दिन तक विशेष मरम्मत अभियान चलेगा। इसके चलते 26, 27 व 28 जून की रात 10 बजे से अगली सुबह आठ बजे तक भारी एवं वाणिज्यिक वाहनों के लिए व्यापक डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी।

वाहन को वैकल्पिक मार्गों से अलग-अलग भेजा जाएगा। जाजमऊ गंगा पुल कानपुर व उन्नाव के बीच सबसे व्यस्त संपर्क मार्गों में शामिल है। प्रतिदिन दो लाख से ज्यादा छोटे-बड़े वाहन इस पुल से गुजरते हैं। भारी वाहनों के कारण पुल की अप्रोच रोड खराब हो चुकी है, जिसमें तीन दिन तक मरम्मत कार्य किया जाएगा।

इस दौरान गंगा पुल पर भारी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। रात 10 बजे से अगले दिन सुबह 8 बजे तक डायवर्जन प्लान लागू रहेगा। भारी व वाणिज्यिक वाहनों का पुल से आवागमन प्रतिबंधित रहेगा, जबकि हल्के वाहन सिंगल लेन से नए गंगा पुल का उपयोग कर सकेंगे।

एम्बुलेंस को प्राथमिकता देने की अपील

यातायात पुलिस ने नागरिकों व वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। कहा है कि सड़क पर चल रही एंबुलेंस को तत्काल रास्ता दें, क्योंकि किसी मरीज को समय पर चिकित्सा सहायता मिलना सबसे महत्वपूर्ण है। सहायता के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम व ग्रीन कारिडोर सेल के हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।

ऐसे रहेगा बदलाव

इटावा और आगरा की ओर से आने वाले वाहन जिन्हें लखनऊ जाना है, उन्हें रामादेवी होते हुए प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर भेजा जाएगा। वहां से सुमेरपुर मोड़ व फतेहपुर मार्ग के जरिए उन्नाव-लालगंज हाईवे से लखनऊ की ओर भेजा जाएगा।
महोबा और हमीरपुर क्षेत्र से लखनऊ जाने वाले भारी वाहनों को घाटमपुर, जहानाबाद, बकेवर व एनएच-19 स्थित बक्सर मोड़ से भेजा जाएगा। कुछ वाहनों को आनूपुर मोड़, बरीपाल स्टेशन मार्ग व जहानाबाद-बकेवर मार्ग से होकर निकाला जाएगा।
कन्नौज की ओर से आने वाले भारी वाहनों को राष्ट्रीय राजमार्ग-34 स्थित रामेश्वर धाम मंदिर कट से हरदोई-उन्नाव मार्ग की ओर मोड़ा जाएगा। इसी तरह, बिल्हौर और चौबेपुर क्षेत्र से आने वाले वाहनों को चौबेपुर-बिठूर मार्ग के जरिए उन्नाव-हरदोई रोड से लखनऊ भेजा जाएगा।
कानपुर से लखनऊ की ओर जाने वाले वाहनों को गंगा बैराज, पहाड़पुर, कहवापुर व शुक्लागंज मार्ग से भेजा जाएगा। वहीं, लखनऊ से कानपुर आने वाले पुराने जाजमऊ गंगा पुल से पहले की ही तरह गुजर सकेंगे।
 

जाजमऊ पुल की मरम्मत के लिए तीन दिन तक डायवर्जन रहेगा। आसपास के जिलों के जिलाधिकारी और पुलिस अधिकारियों से वार्ता के बाद डायवर्जन प्लान लागू किया गया है।
-पंकज यादव, परियोजना निदेशक, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement