Kanpur Weather Alert: 28 जून तक हीट वेव फिर राहत के बादल, जानें कब आ रहा कानपुर में मानसून
NOI संवाददाता, कानपुर। शहर में बुधवार सुबह प्री मानसून की हलचल ने मौसम का मिजाज बदल दिया। तेज हवा और हल्की बारिश से लोगों को कुछ देर के लिए गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन बारिश थमते ही निकली तेज धूप और बढ़ी उमस ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। दिनभर चिपचिपी गर्मी और लू जैसे हालात बने रहे। लगातार छठवें दिन अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री दर्ज किया गया।
बुधवार तड़के करीब 40 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलीं। इसके बाद शहर के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। एयरफोर्स वेदर स्टेशन में 7.6 मिमी जबकि चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) में 2.2 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। मौसम विशेषज्ञ इसे प्री मानसून गतिविधियों का असर मान रहे हैं।
मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि लगातार कई दिनों से 40 डिग्री से ऊपर चल रहे तापमान के कारण वातावरण में अत्यधिक गर्मी बनी हुई थी। गर्म और नम हवा तेजी से ऊपर उठी और ऊपरी ठंडी हवा से टकराने पर कन्वेक्टिव थंडरस्टार्म की स्थिति बनी, जिससे गरज-चमक के साथ बारिश हुई। हालांकि बारिश के तुरंत बाद तेज धूप निकलने से वातावरण में नमी बढ़ गई और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया।
अधिक नमी के कारण हीट इंडेक्स बढ़ गया, जिससे लोगों को वास्तविक तापमान से अधिक गर्मी महसूस हुई। उन्होंने बताया कि 25 और 26 जून को भी स्थानीय स्तर पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। हालांकि 28 जून तक हीट वेव की स्थिति बनी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 29 जून से मानसूनी बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।
कानपुर में कल तक मानसून की दस्तक के आसार
भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार 29 जून तक मानसून उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। ट्रफ रेखा प्रदेश के करीब पहुंचने से कानपुर समेत दक्षिणी जिलों में मानसूनी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। बुधवार को हुई प्री मानसून बारिश को भी इसी का संकेत माना जा रहा है।
यहां हो सकती है पहले बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून की उत्तरी रेखा फिलहाल सूरत, इंदौर, मालदा, डाल्टनगंज और मोतीहारी से गुजर रही है। बिहार में मानसून की रफ्तार धीमी जरूर पड़ी है, लेकिन पूर्वी मध्य प्रदेश की ओर से इसकी सक्रियता बनी हुई है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मध्य प्रदेश की दिशा से मानसून को गति मिली तो कानपुर समेत प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में पहले बारिश हो सकती है।
प्री मानसून गतिविधियां शुरू
मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि प्री मानसून गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं। स्थानीय स्तर पर गरज-चमक और छिटपुट बारिश के आसार बने रहेंगे। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 29 और 30 जून को प्रदेश में अच्छी मानसूनी बारिश की संभावना जताई है। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार और शुक्रवार को भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, हालांकि उमस भरी गर्मी और हीट वेव से फिलहाल पूरी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
Leave A Comment
LIVE अपडेट
राज्य
Stay Connected
Get Newsletter
Subscribe to our newsletter to get latest news, popular news and exclusive updates.





0 Comments
No Comments