NOI संवाददाता, लखनऊ। गोमतीनगर के विकासखंड स्थित होटल क्रिस्टेलिया में 15 अगस्त की रात खुद को विदेश मंत्रालय का अधिकारी बताकर घुसे तीन युवकों ने होटल स्टाफ को बंधक बना लिया। आरोपितों ने कर्मचारियों के मोबाइल फोन और प्रवेश रजिस्टर कब्जे में ले लिए। होटल में ठहरे लोगों को भी जबरन रोके रखा और कई कमरों के दरवाजे खुलवाकर पूछताछ की।

मैनेजर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनका तीसरा साथी भाग निकला। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की पहचान वाराणसी के मलदईया स्थित विजयनगर निवासी अभिनव सिंह और मेरठ के भावनपुर स्थित किला रोड निवासी शिवम चौहान के रूप में की है।
एसीपी गोमतीनगर रत्नेश सिंह के अनुसार, तीनों कार से होटल पहुंचे थे। खुद को विदेश मंत्रालय का अधिकारी बताने पर मैनेजर ने पहचान पत्र मांगा तो आरोपित गाली-गलौज करने लगे और स्टाफ को जेल भेजने की धमकी दी। इसके बाद मोबाइल और होटल का इंट्री रजिस्टर कब्जे में ले लिया। जांच में पता चला कि अभिनव नोएडा की निजी साइबर सिक्योरिटी कंपनी में काम करता है, जबकि शिवम सीसी कैमरे लगाने का काम करता है।

अभिनव ने अपने नाम से विदेश मंत्रालय के सेक्शन अफसर का फर्जी विजिटिंग कार्ड बनवा रखा था और उसे पहचान पत्र की तरह गले में लटकाकर होटल पहुंचा था। पुलिस ने दोनों के पास से 478 विजिटिंग कार्ड, 14 डेबिट-क्रेडिट कार्ड, तीन फर्जी आधार कार्ड, एक चेक और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि नोएडा में उनकी मुलाकात तुर्कमेनिस्तान की दुनिया नाम की युवती से हुई थी। उसके अनुसार रोजा नाम की दूसरी युवती उसका पासपोर्ट, वीजा और अन्य दस्तावेज लेकर लखनऊ में थी। इन्हीं दस्तावेजों की तलाश में वे होटल पहुंचे थे। पुलिस को आरोपितों के पास तुर्कमेनिस्तान की कुछ अन्य युवतियों के दस्तावेज भी मिले हैं। तीसरे आरोपित की तलाश की जा रही है।

Note-तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement